उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले से चोरी की एक बेहद अनोखी घटना सामने आई है. यहां महमूदाबाद क्षेत्र में सुयश पटेल नामक युवक ने एक दुकान से कृषि यंत्र (रोटरी वेटर) चोरी किया और वहां एक भावुक पत्र छोड़ा. पढ़ें पत्र में क्या-क्या लिखा?

“मैं आपका यह उपकरण लेकर जा रहा हूं… जिसका अगर मैं मूल्य लगाऊं तो 90,000 है… और 3 साल में 10% के हिसाब से 27,000 ब्याज होगा जो कि टोटल 1,17,000 होता है… जो कि आपको तीन साल के समयान्तराल के अन्दर मिल जाएंगे… ईश्वर आपको दिन-रात तरक्की दें.”
यह शब्द किसी बैंक के एग्रीमेंट के नहीं, बल्कि उस चोर के पत्र के है, जो वारदात को अंजाम देने के बाद वह पीछे छोड़ गया था. चोर की ईमानदारी और बेबसी की इस कहानी की वजह से यह चोरी उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है.
दरअसल, महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र में चोरी की एक ऐसी अनोखी घटना सामने आई है जिसने हर किसी को हैरान कर दिया. यहां एक चोर देर रात दुकान से रोटरी वेटर चोरी करके ले गया. रोटरी वेटर (जिसे रोटावेटर या रोटरी टिलर भी कहा जाता है) ट्रैक्टर-चालित एक प्रमुख कृषि यंत्र है.
चोर ने पत्र में बयां की अपनी मजबूरी
चोरी के बाद आरोपी ने ऐसा लेटर छोड़ा कि उसे पढ़कर लोग दंग रह गए. चोर ने पत्र में अपनी मजबूरी बताते हुए आगे लिखा-“मैं आपको यह भरोसा दिलाता हूं कि यह ओछा कार्य अपने अत्यंत कठिन समय के कारण कर रहा हूं, जिसमें मेरे ही कुछ खास दोस्तों का हाथ है. उन्होंने मुझे बर्बाद करने की कोशिश की और मेरे सारे उपकरण उठा ले गए. कृपया मुझ पर विश्वास करें. धन्यवाद भाई.”
गलत मशीन ले जाना पड़ा भारी
आरोपी की पहचान सुयश पटेल के रूप में हुई है, जो अपने एक साथी के साथ दुकान पर पहुंचा था. दोनों ने रोटावेटर समझकर रोटरी वेटर उठा लिया. बताया जा रहा है कि आरोपी खेती-किसानी के काम में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों को सही से पहचान नहीं पाए और गलत मशीन उठा ले गए.
चोरी के बाद दुकान पर छोड़े गए पत्र में युवक ने माफी मांगते हुए लिखा था कि उसके हालात ठीक नहीं हैं और मजबूरी में उसे यह कदम उठाना पड़ा. लेकिन कहानी में नया मोड़ तब आया, जब आरोपी युवक उस मशीन का इस्तेमाल नहीं कर पाया. उसे पता चला कि जो मशीन वह उठा लाया है, वह उसके किसी काम की नहीं है. इसके बाद, जमीर जागने या काम न आने की वजह से, वह देर रात ट्रैक्टर पर मशीन लादकर वापस दुकान पर पहुंच गया ताकि उसे चुपचाप वहीं रख सके.
ग्रामीणों ने रंगे हाथों पकड़ा
इसी दौरान दुकानदार को हलचल की भनक लग गई. दुकानदार और ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर युवक और उसके साथी को पकड़ लिया. दोनों के कब्जे से रोटरी वेटर और ट्रैक्टर बरामद कर लिया गया है. घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई और पुलिस दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.
बताया जा रहा है कि आरोपी लबरहा गांव के रहने वाले हैं. महमूदाबाद कोतवाल भानु प्रताप सिंह ने बताया कि पीड़ित दुकानदार ने अभी तक कोई लिखित तहरीर नहीं दी है; यदि तहरीर मिलती है तो वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल, यह मामला चोरी, माफी का लेटर और फिर मशीन वापस करने की कोशिश पूरे इलाके में चर्चा का केंद्र बना हुआ है.



