Etah Moharram Incident: यूपी के एटा जिले के अलीगंज कस्बे में मोहर्रम के जुलूस के दौरान को बड़ा हादसा हो गया. पुरानी तहसील चौराहे के पास गश्त का ताजिया हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया, जिससे उसमें करंट दौड़ गया. हादसे में 19 वर्षीय एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए. घायलों में एक की हालत गंभीर होने पर उसे इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है. वहीं घटना के बाद लोगों का आक्रोश देखते हुए मौके पर भारी पुलिस की तैनाती की गई है.

करीब तीन बजे मोहर्रम का जुलूस पुरानी तहसील क्षेत्र से गुजर रहा था. इसी दौरान ताजिया अचानक एक ओर झुक गया और ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन से संपर्क में आ गया. बिजली आपूर्ति चालू होने के कारण ताजिया उठा रहे लोगों को तेज करंट लग गया. घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और जुलूस में शामिल लोग इधरउधर भागने लगे.

एक की मौत, 7 घायल

पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल अलीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. वहां डॉक्टरों ने मेवातियान मोहल्ला निवासी 19 वर्षीय सैफ पुत्र शाकिर को मृत घोषित कर दिया. घायलों में साहिल , अली हसन , आमिर , खुर्शीद , असरफ और नसीम सहित सात लोग शामिल हैं.

लोगों ने लगाए ये आरोप

घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल में बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए और बिजली विभाग व प्रशासन के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया. लोगों ने आरोप लगाया कि जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर मौजूद नहीं थे और हाईटेंशन लाइन की सुरक्षा को लेकर आवश्यक कदम नहीं उठाए गए.

मौके पर भारी पुलिस बल तैनात

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया. युवा बसपा नेता जुनैद मियां ने भी घटनास्थल और अस्पताल पहुंचकर लोगों को शांत कराया. बाद में अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडे ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया.