AIMIM के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद की लखनऊ रैली में ‘अब्दुल का बेटा डिप्टी सीएम बनेगा’ के नारे पर अब समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान की प्रतिक्रिया सामने आई है. मुस्लिम डिप्टी सीएम बनाए जाने की घोषणा से जुड़े सवाल पर आजम खान ने तंज भरे अंदाज में कहा, ‘मुझे प्रधानमंत्री बनवा दें… मेरे नाम में आजम तो पहले से ही लगा है, वजीर और लग जाएगा.’

आजम खान की यह टिप्पणी ऐसे वक्त आई है, जब संविधान दिवस के मौके पर लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर मैदान में असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की संयुक्त रैली हुई. दोनों नेताओं के गठबंधन सामाजिक परिवर्तन मोर्चा ने रैली से पहले पोस्टर लगवाए थे, जिन पर लिखा था ‘दलित का बेटा मुख्यमंत्री बनेगा और अब्दुल का बेटा डिप्टी सीएम बनेगा.’ इस नारे को मुस्लिम समाज को सत्ता में हिस्सेदारी देने के संदेश के तौर पर देखा जा रहा है.

सपा के घोषणापत्र पर क्या बोले आजम खान?

लखनऊ में आजम खान से समाजवादी पार्टी के घोषणापत्र को लेकर भी सवाल किया गया. इस पर उन्होंने कहा कि उन्हें अभी यह भी पता नहीं है कि घोषणापत्र में क्या है… वहां जाने के बाद ही उन्हें इसकी जानकारी होगी. आजम ने कहा, ‘जो भी होगा समाज की भलाई के लिए होगा, अच्छा होगा… और अगर कोई कमी भी हुई तो ये कोई आसमानी किताब तो है नहीं… इसमें सुधार कर लेंगे.’ उन्होंने आगे कहा कि सरकार बननी चाहिए और ‘निजामएजुल्म’ खत्म होना चाहिए.

‘हम जेल में थे तो लोमड़ियां गंगा पार करने लगी थीं’

आजम खान ने अपने बयान में जेल में रहने के दौर का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा, ‘कोई ये न समझे कि कोई अपने छोटे से मकसद के लिए हमें या कमजोर वर्ग को नुकसान पहुंचा सकता है… हमारी मजबूरी थी, हम जेल में थे तो लोमड़ियां गंगा पार करने लगी थीं क्योंकि गंगा सूखी हुई थी, लेकिन अब गंगा बह रही है.’ आजम ने कहा कि लोग बहुत परेशान हैं और हिंदूमुसलमान संघर्ष से तंग आ चुके हैं. उन्होंने कहा, ‘आप कितनी ही बड़ी बातें करें, कितने ही बड़े दावे करें, लेकिन सच्चाई लोगों के दिलों में उतर गई है.’

ओवैसीचंद्रशेखर के गठबंधन के बीच आजम का बयान क्यों अहम?

ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर सामाजिक परिवर्तन मोर्चा बनाया है. गठबंधन ने चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित किया है और मुस्लिम डिप्टी सीएम का नारा देकर मुस्लिम समाज को भी सत्ता में हिस्सेदारी का संदेश दिया है. दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी भी PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समीकरण के जरिए चुनावी जमीन तैयार कर रही है. ऐसे में मुस्लिम डिप्टी सीएम के नारे पर आजम खान का जवाब और सपा के घोषणापत्र पर उनकी टिप्पणी राजनीतिक चर्चा का विषय बन गई है.