हिमाचली खबर: उन्नाव: उत्तर प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है। उन्नाव पुलिस को एक ऐसे गिरोह के खिलाफ सफलता मिली है, जिसने हालही में काफी मात्रा में फ्रिज और एसी की यूनिट्स को लूटा था। इस मामले में 5 लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है।

यूपी: उन्नाव पुलिस को मिली बड़ी सफलता, 77 फ्रिज और 40 AC लूटने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 5 गिरफ्तार​
यूपी: उन्नाव पुलिस को मिली बड़ी सफलता, 77 फ्रिज और 40 AC लूटने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 5 गिरफ्तार​

क्या है पूरा मामला?

25 मई को रात 11 बजे एक ट्रक, आशाखेड़ा थाना सोहरामऊ से कानपुर के लिए निकला था, जिसके ड्राइवर नीरज कुमार थे। जब जीपीएस से ट्रक को ट्रैक करने की कोशिश की तो पता लगा कि ट्रक लखनऊ की तरफ वापस आया और फिर टोल प्लाजा तक जाने के बाद जीपीएस बंद हो गया। इसी लोकेशन पर ट्रक ड्राइवर नीरज कुमार घायल अवस्था में  मिला। इस ट्रक में फ्रिज और एसी की यूनिट्स भरी हुई थीं।

अभियुक्तों ने बेच डाले फ्रिज, पुलिस ने किए बरामद

पुलिस ने इस मामले में जब सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो सच्चाई सामने आई। बदमाशों ने ट्रक ड्राइवर को घायल कर उसे लूटा था और फ्रिज की कई यूनिट्स को बेच भी डाला था। पुलिस ने अपना जाल फैलाकर बदमाशों को पकड़ा और उनसे एक कंटेनर, लूटे गए 77 फ्रिज में से 47 फ्रिज और और 40 एसी बरामद कर लिए। 

पुलिस ने मुख्य अभियुक्त को पैर में गोली मारी, कुल 5 गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी छुट्टन चौधरी के पैर में गोली मारी और उसे गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में कुल 5 अभियुक्त पकड़े गए, जिनकी पहचान हो गई है। अभियुक्तों के नाम इस प्रकार हैं

  1. छुट्टन चौधरी
  2. विवेक मिश्रा
  3. विकास वाल्मीकि
  4. राजू उर्फ बलिराम सिंह
  5. अविनाश सिंह

पुलिस को मिला इनाम

अपर पुलिस महानिदेशक लखनऊ जोन ने पुरस्कार की राशि 50 हजार से बढ़ाकर एक लाख की, जिसके बाद इस घटना का पर्दाफाश करने वाली पुलिस टीम को एक लाख रुपए की धनराशि का पुरस्कार दिया गया है।