Punjab News: पंजाब पुलिस और अंतरराष्ट्रीय गैंगस्टरों के कथित नापाक गठजोड़ को लेकर एक बहुत बड़ी खबर सामने आई है. अमेरिकी जांच एजेंसी एफबीआई की रडार पर आए पंजाब पुलिस के पूर्व एसएचओ इंस्पेक्टर गुरिंदरजीत सिंह नागरा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. इसके बाद आरोपी इंस्पेक्टर को कड़ी सुरक्षा के बीच जालंधर लाया गया है. नागरा पर अमेरिका में रहने वाले एक एनआरआई परिवार को झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर करोड़ों रुपए की जबरन वसूली करने का बेहद संगीन आरोप है.

इस पूरे अंतरराष्ट्रीय रैकेट का खुलासा अमेरिकी खुफिया एजेंसी की एक सीक्रेट जांच में हुआ था. FBI द्वारा चलाए गए ऑपरेशन हार्ड बॉल के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि पंजाब पुलिस का ये इंस्पेक्टर लॉरेंस बिश्नोई और जग्गू भगवानपुरिया जैसे खूंखार गैंगस्टरों के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का हिस्सा था. यह गिरोह आपस में मिलकर विदेशों, खासकर अमेरिका में रहने वाले संपन्न पंजाबी मूल के NRI परिवारों को चिन्हित करता था और फिर उन्हें डराधमकाकर मोटी रकम वसूलता था.
लॉस एंजिल्स के परिवार से 4 लाख डॉलर की वसूली
जांच रिपोर्ट में आरोपी इंस्पेक्टर की करतूतों का पूरा ब्यौरा सामने आया है. होशियारपुर में तैनाती के दौरान इंस्पेक्टर नागरा ने लॉस एंजिल्स में रहने वाले एक पंजाबी परिवार को भारत में हत्या के झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी थी. ये खबर आप हिमाचली खबर में पढ़ रहे है। इस डर का फायदा उठाकर आरोपी ने पीड़ित परिवार से 400,000 डॉलर की जबरन वसूली की थी. FBI ने अपनी जांच के बाद गैंगस्टरों के साथसाथ इस पुलिस अफसर को भी प्रॉसीक्यूट करने का दावा किया था.
लाइन हाजिर करने के बाद देर रात दर्ज हुई FIR
विदेशी एजेंसी से इनपुट मिलने के बाद पंजाब पुलिस के उच्च अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया. मामला सामने आने के तुरंत बाद डीआईजी नवीन सिंगला ने नागरा को एसएचओ पद से हटाकर लाइन हाजिर कर दिया था और पूरे मामले की विस्तृत जांच एसपी विनीत अहलावत को सौंपी थी. एसपी की जांच रिपोर्ट में आरोप सही पाए जाने के बाद शुक्रवार देर रात इंस्पेक्टर नागरा के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और जबरन वसूली की गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया, जिसके तुरंत बाद उन्हें अरेस्ट कर लिया गया.



