गाजीपुर: जनपद में रेस्टोरेंट और होटल के नाम पर चल रही अवैध गतिविधियों का मामला सामने आया है. कोतवाली इलाके के आमघाट स्थित SV होटल एंड रेस्टोरेंट में भी ऐसी गतिविधियों की सूचना पुलिस को मिली थी.
कई आपत्तिजनक सामान बरामद
सूचना के आधार पर कोतवाली पुलिस, एसडीएम सदर, अपर पुलिस अधीक्षक सिटी और क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में भारी पुलिस बल के साथ वहां छापेमारी के लिए पहुंचे. छापेमारी की खबर मिलते ही रेस्टोरेंट के संचालक और कर्मचारी वहां से गायब हो गए. पुलिस ने रेस्टोरेंट के अंदर कई आपत्तिजनक सामान, रजिस्टर और अन्य दस्तावेज़ जब्त किए.
टीम ने रेस्टोरेंट को सील करके संचालक को दिया नोटिस
पुलिस ने बताया कि होटल और रेस्टोरेंट संचालन के निर्धारित मानकों का उल्लंघन करते हुए यह संचालन किया जा रहा था. इसके आधार पर, रेस्टोरेंट को तुरंत बंद कर दिया गया और संचालक को नोटिस भी दिया गया. अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि छापेमारी के दौरान कुछ लोग पकड़े गए, लेकिन प्रारंभिक जांच में किसी भी अवैध गतिविधि का स्पष्ट सबूत नहीं मिला.
सूत्रों की मानें तो पुलिस ने होटल के अंदर कुछ युवकों और युवतियों को भी पकड़ा था. उन्हें महिला कांस्टेबल के साथ होटल के अंदर रखा गया, जबकि बाहर से ताले बंद करने का दिखावा किया गया.
ये खबर आप हिमाचली खबर में पढ़ रहे हैं।