Rohtak Dhaba Murder: हरियाणा के रोहतक के मिलन ढाबे पर सन्नी गैंग के 3 शूटरों और एक छात्र की हत्या के मामले में जांच करते हुए पुलिस को एक युवती का पता चला है. इन हत्याओं में युवती की भूमिका की बात कही जा रही है. शुरुआती जांच में पता चला है कि वारदात की साजिश रचने में युवती ने भूमिका निभाई है. युवती यूपी के शामली जिले की रहने वाली है. युवती का नाम जाह्नवी है. उसके पिता और ताऊ की हत्या हो चुकी है. उसके दो भाई यूपी की जेल में बंद हैं.

पुलिस के अनुसार, युवती अपने पिता और ताऊ के मर्डर का आरोपियों से बदला लेना चाहती थी. इसी उद्देश्य के चलते युवती हिमांशु उर्फ भाऊ गैंग के संपर्क में आई. युवती को सन्नी रिटौलिया से दोस्ती करने का टास्क दिया गया. इसके बाद उसने फोन पर सन्नी से बातचीत शुरू की. धीरेधीरे दोनों मिलने भी लगे. यवती सन्नी की गतिविधियों के बारे में भाऊ गैंग को बता रही थी. बुधवार रात को जब भाऊ गैंग के 5 शूटर ढाबे में दाखिल हुए.

युवती शूटरों के साथ भाग गई

इसके बाद युवती ने संकेत देकर सन्नी गैंग के बदमाशों के बारे में बताया. इसके बाद ही शूटर्स ने ताबड़तोड़ गोलीबारी शूरू कर दी. बताया जा रहा है कि वारदात के बाद वो शूटरों के साथ भाग गई. इस गैंगवार को पांच बदमाशों ने 10 मिनट में अंजाम दिया. इसमें सन्नी गैंग के बदमाश यश को चार, रिंकू को पांच विनीत को दो और छात्र हिमांशु को तीन गोलियां मारी. सीने और सिर में ये गोलियां मारी गई हैं. बादमाश बाथरूम के रास्ते ढाबे में घुसे थे.

पांच में चार बदमाशों की पहचान

पुलिस ने 9 एमएस की गोलियां बरामद की हैं. गोलियों के खाली खोल भी बरामद किए गए हैं. वारदात को अंजाम देने वाले पांच में से चार शूटर्स की पहचान कर ली गई है. पुलिस सूत्रों का कहना है कि इन चार बदमाशों में एक डिघल गांव का, एक कलानौर का, एक यूपी का और एक बदमाश दिल्ली का रहने वाला है. वारदात के बाद बदमाश दिल्ली की ओर भागे थे. पुलिस की टीमें उनको वहां तलाश रही हैं. वहीं दिल्ली पुलिस के अनुसार, युवती शुक्रवार सुबह थाईलैंड भाग गई.