पाकिस्तानी वेब सीरीज ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ पर विवाद गहराता जा रहा है. फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज यानी FWICE ने सरकार को पत्र लिखकर इसे भारत में बैन करने की मांग की थी. FWICE ने विरोध जताते हुए कहा था कि पाकिस्तानी एंटरटेनमेंट कंटेंट को भारत में रिलीज नहीं किया जाना चाहिए. अब इस पूरे मुद्दे पर भारत सरकार ने भी अपना रुख स्पष्ट कर दिया है.

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स से कहा है कि वह 8 मई 2025 की अपनी एडवाइजरी का पालन करे और यह सुनिश्चित करे कि पाकिस्तान से आने वाला स्ट्रीमिंग कंटेंट भारत में उपलब्ध न हो. मंत्रालय को पाकिस्तानी वेब सीरीज से जुड़ी कई शिकायतें और आवेदन मिले थे. इस पर संज्ञान लेते हुए मंत्रालय ने कहा कि नेटफ्लिक्स अपने वादे पर कायम रहे.

दरअसल नेटफ्लिक्स ने मंत्रालय को यह जानकारी पिछले साल दी थी कि पाकिस्तान की कोई भी फिल्म या सीरिज भारत में उपलब्ध नहीं कराई गई है. अब मंत्रालय ने एक बार फिर नेटफ्लिक्स से कहा है कि वह अपने उसी वादे पर कायम रहे और उस वक्त जो कहा गया था, उसी स्थिति को बरकरार रखे.

क्या है फिल्म का प्लॉट?

‘जो बचे हैं संग समेट लो सीरीज एक उर्दू नॉवेल पर आधारित है. इसमें फवाद खान, माहिरा खान, हानिया आमिर, सनम सईद, हमजा अली अब्बासी और अहद रजा मीर जैसे एक्टर्स ने अभिनय किया है. कहानी तीन पीढ़ियों और उनकी लव स्टोरी के प्लॉट पर बेस्ड है.

इस सीरीज को 4 दिसंबर 2026 को रिलीज किया जाना है. नेटफ्लिक्स इंडिया की अपकमिंग रिलीज लिस्ट में इसे शामिल भी किया गया है. ऐसे में सीरीज को लेकर बवाल मचा हुआ है. ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने भी इस वेब सीरीज पर बैन लगाने की मांग की थी.

भारत में पाकिस्तानी कंटेंट पर रोक

भारत ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद सख्त रुख अपनाते हुए ओटीटी प्लेटफॉर्म्स को पाकिस्तानी कंटेंट हटाने और उससे दूरी बनाने की एडवाइजरी जारी की थी. जब भारत ने बदले में ऑपरेशन सिंदूर की कार्रवाई की, तब अभिनेता फवाद खान और अभिनेत्री माहिरा खान ने इस पर विवादित टिप्पणियां की थीं.

भारतीय यूजर्स में इन सभी के खिलाफ काफी गुस्सा है. लोगों का कहना है कि भारतीय व्यूअरशिप के जरिए पाकिस्तानी इंडस्ट्री को कमाई करने का मौका नहीं दिया जाना चाहिए. इस वेब सीरीज के अलावा एक और पाकिस्तानी ड्रामा दरएनिजात पर भी काफी विवाद हुआ है. यह कंटेंट यूट्यूब पर मौजूद है और आसानी से एक्सेस किए जाने की वजह से कई लोगों अपनी नाराजगी जाहिर की है.