Featured Image

थार और गहनों के साथ आरोपी गिरफ्तार

Kolhapur Gold Theft News: महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. पन्हाला तहसील के सातवे गांव में एक 19 वर्षीय युवक पर अपने ही चचेरे चाचा के घर से लाखों रुपये के सोने के गहने चोरी करने का आरोप है. बताया जा रहा है कि युवक ने करीब 15 तोला सोना चुराकर उसे 10 लाख रुपये में बेच दिया और उस रकम से नई महिंद्रा थार गाड़ी खरीद ली. मामला तब और चौंकाने वाला हो गया, जब युवक ने नई गाड़ी की पूजा के लिए उसी चाचा को आमंत्रित किया, जिनके घर से गहने चोरी हुए थे. घटना के सामने आने के बाद इलाके में इसकी खूब चर्चा हो रही है.

जानकारी के मुताबिक, सातवे गांव निवासी समर पोपट चव्हाण (19) के घर के पास ही उसके चचेरे चाचा उमेश मारुती चव्हाण रहते हैं. आरोप है कि करीब एक महीने पहले समर ने चाचा के घर से लगभग 15 तोला सोने के गहने चोरी कर लिए. इन गहनों में उमेश चव्हाण और उनकी पत्नी के आभूषण शामिल थे.

बताया जा रहा है कि चोरी किए गए गहनों को बेचने के लिए समर ने गांव के सुनार संग्राम बाबासो मोरे की मदद ली. आरोप के मुताबिक, गहने करीब 10 लाख रुपये में बेचे गए. इसके बाद समर ने इसी रकम से महिंद्रा की नई थार गाड़ी खरीद ली.

पूजा में चाचा को दिया न्योता

इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात ये है कि जब समर नई थार गाड़ी घर लेकर आया. गाड़ी की पूजा के लिए उसने अपने चाचा उमेश चव्हाण को भी आमंत्रित किया. चाचा को इस बात का अंदाजा नहीं था कि जिस भतीजे के नए वाहन की पूजा में वे शामिल होने जा रहे हैं, उसी पर उनके घर से गहने चोरी करने का आरोप है.

पूजा में जाने की तैयारी करते समय उमेश चव्हाण ने पहनने के लिए अपने गहनों की तलाश की. इस दौरान उन्हें पता चला कि घर से सोने के आभूषण गायब हैं. उन्होंने गौर किया कि घर में रखे उनकी दादी के गहने सुरक्षित थे, जबकि उनके और उनकी पत्नी के आभूषण ही गायब थे. इससे उन्हें शक हुआ कि चोरी के पीछे किसी करीबी व्यक्ति का हाथ हो सकता है.

गांव में घटना की चर्चा तेज

करीबी रिश्ते में हुई इस चोरी और चोरी के गहने बेचकर नई गाड़ी खरीदने की बात सामने आने के बाद सातवे गांव में घटना की चर्चा तेज हो गई है. जिस चाचा के घर से गहने गायब हुए, उन्हीं को नई गाड़ी की पूजा में बुलाने की बात ने लोगों को हैरान कर दिया है. इलाके में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और लोग इसे रिश्तों में भरोसे को ठेस पहुंचाने वाला मामला बता रहे हैं.