ऋषिकेशबदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर देवप्रयाग के पाली पुलिया के पास हरियाणा नंबर की एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी. हादसे में वाहन सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और खाई में गिरे वाहन और उसमें सवार अन्य लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया.

देवप्रयाग कोतवाली के कोतवाल कृष्ण कांत ने दूरभाष के माध्यम से बताया कि टैक्सी चंडीगढ़ से चमोली की ओर जा रही थी. वाहन में कुल पांच लोग सवार थे. इसी दौरान ऋषिकेशबदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर पाली पुलिया के पास कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई.
हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए. राहत एवं बचाव दल ने घायलों को रेस्क्यू कर सड़क मार्ग तक पहुंचाया और उपचार के लिए देवप्रयाग स्थित अस्पताल पहुंचाया, जहां तीनों घायलों का उपचार जारी है. वहीं, घटना के बाद पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुट गई है.
चंडीगढ़ से रुद्रप्रयाग जा रही थी कार
गौरतलब है कि वैगनआर कार संख्या HR68 C1242 चंडीगढ़ से रुद्रप्रयाग जा रही थी. देवप्रयाग से लगभग 4 किलोमीटर श्रीनगर की ओर ग्राम पाली स्थित रिवर व्यू कैफे एंड रेस्टोरेंट के पास उक्त वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया. वाहन में चालक सहित कुल पांच लोग सवार थे.
दुर्घटना की सूचना मिलने पर राहत एवं बचाव दल तत्काल घटनास्थल पर पहुंचा और बचाव कार्य शुरू किया. राहत एवं बचाव दल ने रेस्क्यू अभियान चलाकर खाई में गिरे तीनों घायलों को पहाड़ी से बाहर निकाला और उपचार के लिए सीएचसी बागी, देवप्रयाग पहुंचाया. दुर्घटना में चालक सहित एक अन्य व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों के शवों को गहरी खाई से निकाला गया.
घायलों का विवरण
1. उत्तम सिंह पुत्र श्री मोहन सिंह, निवासी ग्राम लाडोली, रुद्रप्रयाग, उम्र 33 वर्ष.
2. टीशा रावत पुत्री श्री लक्ष्मण सिंह रावत, निवासी ग्राम बीना, थाना रुद्रप्रयाग, जिला रुद्रप्रयाग, उम्र 18 वर्ष.
3. सुनीता देवी पत्नी श्री लक्ष्मण सिंह रावत, निवासी ग्राम बीना, थाना रुद्रप्रयाग, जिला रुद्रप्रयाग, उम्र 45 वर्ष.
मृतकों का विवरण
1. सत्येश्वरी देवी पत्नी श्री हुकम सिंह चौहान, निवासी किमखाल, थाना कर्णप्रयाग, जिला चमोली, उम्र 72 वर्ष.
2. अनिल सिंह पुत्र सुदर्शन, निवासी किमोली, पारतोली, चमोली , उम्र 33 वर्ष.



