Saharanpur liquor factory News: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के थाना बड़गांव पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है, जिसमें पूरा परिवार ही शामिल था. पुलिस ने पिता, मां और दो बेटों समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि ये सभी मिलकर घर के अंदर जानलेवा केमिकल से कच्ची शराब तैयार कर रहे थे. मौके से भारी मात्रा में अवैध शराब, लहन और शराब बनाने के उपकरण बरामद किए गए हैं.

सहारनपुर में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को पुलिस को बड़ी कामयाबी हासिल हुई. पुलिस ने बड़गांव के सावंतखेड़ी गांव में छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शेरू उर्फ शेर सिंह, उसकी पत्नी मीना, बेटे अंकित और अमृत को गिरफ्तार किया. इनके अलावा गांव की ही रहने वाली सनिता पत्नी राजू को भी मौके से गिरफ्तार किया गया है.

610 लीटर शराब बरामद

पुलिस को आरोपियों के घर से 610 लीटर अवैध अपमिश्रित कच्ची शराब, 800 लीटर लहन और 5 किलोग्राम यूरिया बरामद हुआ. इसके अलावा शराब तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले ड्रम, पाइप, गैस सिलेंडर, चूल्हे, पतीले और अन्य उपकरण भी जब्त किए गए हैं. बरामद सामग्री से साफ है कि आरोपियों ने घर के भीतर ही शराब बनाने की पूरी फैक्ट्री बना रखी थी. पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी शेरू उर्फ शेर सिंह का आपराधिक इतिहास रहा है.

गंभीर धाराओं में केस दर्ज

उसके खिलाफ पहले भी आर्म्स एक्ट और आबकारी अधिनियम के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं. इसके बावजूद वह कथित तौर पर अपने परिवार के साथ मिलकर अवैध शराब के कारोबार में सक्रिय था. पुलिस ने गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना बड़गांव में आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 और बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. इसके अलावा इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की धरपकड़ के लिए टीम गठित की गई है.

अवैध शराब का कारोबार

बड़गांव पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जहरीली शराब बनाकर लोगों की जान से खिलवाड़ करने वालों को किसी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा. साथ ही इस अवैध कारोबार से अर्जित की गई प्रॉपर्टी की भी जांच करवाकर उसको जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी.