West Bengal Elections: पश्चिम बंगाल में हुए विधानसभा चुनाव के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है. पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण की वोटिंग के दौरान कुछ बूथों पर ईवीएम में गड़बड़ी के आरोप लगे थे. टीएमसी और बीजेपी ने एक दूसरे पर कई आरोप लगाए, अब उन बूथों पर दोबारा मतदान कराने को लेकर चुनाव आयोग की ओर से आदेश जारी किया गया है.

बंगाल में जहां-जहां EVM से हुई ‘छेड़छाड़’, उन 15 बूथों पर 2 मई को फिर होगी वोटिंग, EC का आदेश
बंगाल में जहां-जहां EVM से हुई ‘छेड़छाड़’, उन 15 बूथों पर 2 मई को फिर होगी वोटिंग, EC का आदेश

दरअसल, बंगाल में दूसरे चरण की वोटिंग के दौरान दक्षिण 24 परगना के मगराहट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के 11 बूथों और डायमंड हार्बर विधानसभा क्षेत्र के 4 बूथों से मतदान के दौरान गड़बड़ी की शिकायतें आई थीं. उस वक्त चुनाव आयोग ने कहा था कि अगर वास्तव में किसी भी बूथ पर गड़बड़ी मिलती है, तो वहां पर दोबारा मतदान होंगे.

2 मई को वोटिंग
शनिवार यानी 2 मई को मगराहट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के 11 बूथों और डायमंड हार्बर विधानसभा क्षेत्र के 4 बूथों पर फिर से वोटिंग होगी. इस बात की जानकारी चुनाव आयोग की ओर से दी गई है. बता दें कि पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के लिए 142 सीटों पर मतदान हुआ. हालांकि, उपर्युक्त बूथों से ईवीएम में गड़बड़ी की शिकायतें राजनीतिक पार्टियों की ओर से दी गई, जिसके बाद चुनाव आयोग ने कहा था कि अगर किसी भी जगह पर गड़बड़ी पाई जाती है, तो वहां दोबारा मतदान होंगे.

बंगाल में दो चरणों में मतदान
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में कुल 294 विधानसभा सीटों के लिए दो चरणों में वोटिंग हुई थी. 23 और 29 अप्रैल को क्रमशः 152 और 142 सीटों के लिए वोटिंग हुई. 29 अप्रैल को दूसरे चरण की वोटिंग के दौरान कई जगहों पर हिंसा और तनाव की खबरें सामने आई थी. दक्षिण 24 परगना के कुछ बूथों पर EVM पर टेप लगे होने के आरोप लगे थे. वहीं, कुछ बूथों पर कैमरे बंद होने समेत कई गड़बड़ियों के आरोप लगे थे. अब जहां भी आरोप सही पाए गए हैं, वहां पर फिर से वोटिंग कराई जानी है. बता दें कि चुनावी परिणाम 3 मई को आएंगे.