Featured Image

Mumbai Crime:  मुंबई पुलिस ने 36 वर्षीय युवक को 19 साल की लड़की की कथित तौर पर हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया है. लड़की ने अपने घर पर आरोपी द्वारा यौन उत्पीड़न की कोशिश का विरोध किया था, इससे नाराज होकर युवक ने उसकी हत्या कर दी. विनोबा भावे नगर पुलिस के अनुसार, आरोपी रामसिंह बनवारीलाल यादव ने कथित तौर पर महिला का गला घोंटा और उसके सिर पर बेलन से वार किया.  यह मामला शनिवार (10 अक्टूबर, 2026) को तब सामने आया जब राजावाड़ी अस्पताल ने पुलिस को बताया कि महिला को उसके माता-पिता बेहोशी की हालत में लाए थे. डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया और पुलिस ने शुरू में इसे दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज किया.

वहीं, पोस्टमार्टम में हत्या का शक हुआ, क्योंकि डॉक्टरों को महिला की गर्दन पर निशान, सिर पर चोट और मौत के बाद शरीर में होने वाले बदलावों (जैसे लिविडिटी और रिगोर मोर्टिस) के संकेत मिले. इसके बाद जांच के दौरान पुलिस ने महिला के माता-पिता से पूछताछ की. उन्होंने बताया कि उन्होंने अपने परिचित बनवारीलाल यादव को घर पर रहने के लिए बुलाया था, क्योंकि वे अपने गांव जाने की तैयारी कर रहे थे. जब वो शनिवार (10 अक्टूबर, 2026) सुबह करीब 10 बजे बाजार से लौटे, तो उन्होंने अपनी बेटी को बेहोश पाया. बताया जा रहा है कि आरोपी पीड़िता को अपनी बहन कहता था. ऐसे में भरोसो के चलते परिवार ने लड़की को सौंपा था.

अकेले में दिया वारदात को अंजाम

माता-पिता के बयान के आधार पर पुलिस ने बनवारीलाल यादव को गिरफ्तार किया. पूछताछ के दौरान उसने कथित तौर पर स्वीकार किया कि जब वे घर में अकेले थे, तो उसने महिला के यौन उत्पीड़न की कोशिश की थी. जब उसने उसकी हरकत का विरोध किया, तो उसने कथित तौर पर उसका गला घोंट दिया और सिर पर बेलन से वार किया. पुलिस ने बनवारीलाल यादव पर हत्या के लिए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 के तहत मामला दर्ज किया है.