Property Tips: घर खरीदने के बाद लोग अक्सर यह मान लेते हैं कि रजिस्ट्री के साथ ही सारी प्रक्रिया पूरी हो गई है। लेकिन ऐसा नहीं है। रजिस्ट्री के बाद भी कुछ जरूरी काम करने होते हैं। अगर इन्हें समय पर नहीं कराया गया, तो भविष्य में कानूनी और दूसरे कामों में परेशानी आ सकती है।

सबसे पहले कराएं म्यूटेशन

रजिस्ट्री के बाद सबसे जरूरी काम नगर निगम या स्थानीय निकाय में नामांतरण यानी म्यूटेशन कराना है। इससे सरकारी रिकॉर्ड में नए मालिक का नाम दर्ज हो जाता है। इसके बाद हाउस टैक्स और दूसरे दस्तावेज सही तरीके से अपडेट हो जाते हैं। इससे भविष्य में मालिकाना हक को लेकर विवाद की संभावना भी कम हो जाती है।

 

बैंक में जमा करें रजिस्ट्री की कॉपी

अगर घर खरीदने के लिए बैंक से लोन लिया है, तो रजिस्ट्री की प्रमाणित कॉपी बैंक में जमा करना जरूरी है। इससे बैंक के रिकॉर्ड अपडेट हो जाते हैं और आगे की प्रक्रिया में कोई दिक्कत नहीं आती।

 

बिजलीपानी के कनेक्शन अपने नाम कराएं

रजिस्ट्री के बाद बिजली, पानी, गैस और दूसरी जरूरी सेवाओं के कनेक्शन भी नए मालिक के नाम पर ट्रांसफर करा लेने चाहिए। इससे बिल और अन्य रिकॉर्ड सही नाम पर बने रहते हैं।

सोसाइटी और बीमा से जुड़े काम भी जरूरी

अगर आप किसी हाउसिंग सोसाइटी में रहते हैं, तो वहां भी स्वामित्व बदलने की जानकारी देकर रिकॉर्ड अपडेट कराना जरूरी है। इसके अलावा घर का बीमा कराने की योजना है, तो रजिस्ट्री के बाद यह प्रक्रिया भी जल्द पूरी कर लेनी चाहिए। इससे भविष्य में किसी नुकसान की स्थिति में आर्थिक सुरक्षा मिल सकती है।