
मथुरा वृंदावन की होली पूरी दुनिया में मशहूर है। यहां की होली ब्रजभूमि की एक जीवंत परंपरा है जिसे भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी की रासलीला से जोड़कर देखा जाता है। इस त्योहार पर बृज भूमि प्यार के रंग, अबीर और गुलाल से सराबोर हो जाती है। वैसे तो पूरे बृज क्षेत्र की होली मशहूर है, लेकिन बरसाने और नंदगाव की होली की बात ही अलग है। नंदगांव और बरसाने में लट्ठमार होली खेली जाती है। बरसाने में लट्ठमार होली का आयोजन मुख्य होली के त्योहार से कई दिन पहले किया जाता है। अगर आप भी मथुरा की होली देखने का प्लान बना रहे हैं तो जान लें यहां लट्ठमार होली किस दिन खेली जाएगी और क्या समय रहेगा।
बरसाना की लट्ठमार होली की तारीख
बरसाना होली 2026 की तिथि शुक्रवार, 27 फरवरी 2026 है , जो फाल्गुन शुक्ल पक्ष की एकादशी को पड़ रही है । इस दिन नंदगांव के गोप बरसाने में आते हैं और यहां गोपियों के रूप में हुरियारिन जमकर लट्ठ बरसाती हैं। बरसाना राधा रानी का गांव है और होली के दिन सभी महिलाएं राधा और गोपियों के रूप में सजकर निकलती हैं।
बरसाने में लट्ठमार होली का समय, कितने बजे शुरू होती है?
बरसाना लट्ठमार होली का समय स्थानीय मंदिर की रस्मों और भीड़ की आवाजाही पर निर्भर करता है। मुख्य होली के दिन बरसाना के मंदिर सुबह लगभग 5:00 से 5:30 बजे भक्तों के लिए खुल जाते हैं ताकि वे मंगला आरती में शामिल हो सकें और उत्सव शुरू होने से पहले आशीर्वाद प्राप्त कर सकें। बरसाना लट्ठमार होली का समय सुबह 9:30 से 11:00 बजे के बीच शुरू होता है जो दोपहर तक चलता है।
सुबह 10:30 से दोपहर 2:00 बजे तक भीड़ सबसे अधिक होती है और रंग खेलना, मंत्रोच्चार करना और पारंपरिक अनुष्ठान अपने चरम पर होते हैं। अगर आप जल्दी पहुंचते हैं तो अच्छी तरह बैठने की जगह मिल जाती है। ये खबर आप हिमाचली खबर में पढ़ रहे हैं। होली के दौरान आपको दूर से ही फोटोग्राफी करने की अनुमति होती है। होली के वक्त लोगों का नजदीक जाना प्रतिबंधित होता है।