हिमाचली खबर: गर्मियों का मौसम आते ही ज्यादातर लोग भीषण गर्मी और तेज धूप से राहत पाने के लिए हिल स्टेशनों पर चले जाते हैं। पहाड़ी इलाकों का ठंडा और सुहावना मौसम लोगों को काफी सुकून देता है। यहां का कम तापमान, ठंडी हवाएं, हरियाली से भरे पहाड़ और खूबसूरत प्राकृतिक नजारे छुट्टियों का मजा कई गुना बढ़ा देते हैं। हर हिल स्टेशन की अपनी कोई न कोई खासियत होती है, जिसमें वहां फूड्स भी शामिल हैं।

कई ऐसे पहाड़ी इलाके हैं जो खास सूप, स्टीम्ड स्नैक्स, पारपंरिक मिठाइयों और स्वादिष्ट स्थानीय व्यंजन के लिए मशहूर है। ऐसे में अगर आप इन 5 हिल स्टेशनों पर जाएं तो वहां के लोकल फूड्स का स्वाद जरूर चखें।
1 लद्दाख
अगर आप लद्दाख जाएं तो बटर टी का स्वाद जरूर चखें। लद्दाख और हिमालय के ऊंचाई वाले इलाकों में बटर टी काफी लोकप्रिय है। इसे चाय की पत्तियों, याक के मक्खन और नमक से तैयार किया जाता है। इसका स्वाद गाढ़ा होता है और ठंडे मौसम में शरीर को गर्म रखने और ऊर्जा देने में मदद करती है।
2 सिक्किम
वैसे तो सिक्किम अपने कई पारंपरिक भोजन के लिए प्रसिद्ध है लेकिन सबसे अधिक वहां का थुकपा मशहूर है। यह एक गर्म और स्वादिष्ट नूडल सूप है, जो सिक्किम और उसके आसपास के इलाकों में काफी प्रसिद्ध है। इसमें सब्जियां, मीट, हर्ब्स और मसाले डाले जाते हैं। ठंडी शाम में इसका लुत्फ उठा सकते हैं।
3 हिमाचल प्रदेश
सिड्डू हिमाचल प्रदेश का पारंपरिक व्यंजन है। यह गेहूं के आटे से बना स्टीम्ड बन होता है, जिसमें खसखस, अखरोट या दाल की स्टफिंग की जाती है। इसे आमतौर पर घी या चटनी के साथ खाया जाता है। खासकर ठंड के मौसम में इसे लोग अधिक पसंद करते हैं।
4 दार्जिलिंग
वैसे तो मोमोज पूरे देश में प्रसिद्ध है लेकिन दार्जिलिंग में बेहद ही खास तरह से बनाया जाता है। यहां पर सड़क किनारे आसानी से स्वादिष्ट मोमोज मिल जाते हैं। ये स्टीम्ड डंपलिंग्स होते हैं, जिनमें सब्जियां या मीट भरा जाता है। मसालेदार चटनी और गर्म चाय के साथ लोग इसे खाना खूब पसंद करते हैं।
5 केरल
केरल के मुन्नार जैसे हिल स्टेशनों पर अप्पम और स्ट्यू काफी पसंद किया जाता है। इसमें नरम चावल से बना अप्पम और नारियल के दूध से तैयार हल्का मसालेदार स्ट्यू परोसा जाता है, जिसमें सब्जियां या मीट डाला जाता है। यह स्वादिष्ट डिश नाश्ते और डिनर दोनों के लिए लोकप्रिय है।



