हिमाचली खबर: Ludhiana News: पंजाब के लुधियाना से बंधुआ मजदूरी और प्रताड़ना का एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां निहंग सिखों ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक जमींदार के चंगुल से पिछले 6 साल से बंधक बने एक युवक को सकुशल आजाद कराया है. पीड़ित युवक का आरोप है कि जमींदार उससे रोजाना 18 से 20 घंटे तक जबरन काम करवाता था. यह पूरा मामला अब पुलिस के पास पहुंच चुका है.

पीड़ित युवक ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि कुछ साल पहले उसने अपना घर बनाने के लिए स्थानीय जमींदार से कुछ कर्ज लिया था. इसी कर्ज की आड़ में जमींदार ने उसे अपने जाल में फंसा लिया. पीड़ित का आरोप है कि जमींदार परिवार उससे सुबह से लेकर देर रात तक करीब 1818 घंटे हाड़तोड़ मजदूरी करवाता था, और इस कड़े काम के बदले उसे महज 200 दिहाड़ी दी जाती थी.
‘पत्नी को तलाक दे दो, बच्चे हम पाल लेंगे’
युवक पिछले 6 साल से नरक जैसी जिंदगी जीने को मजबूर था. उसने रोते हुए बताया कि वह न तो कभी अपने परिवार के साथ कोई खुशी मना पाता था और न ही अपने बच्चों से मिलने जा पाता था. जब भी वह अपने घर जाने की जिद करता, तो जमींदार उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करते हुए कहता था, “तू अपनी पत्नी को तलाक दे दे, तेरे बच्चों को हम खुद पाल लेंगे.”
निहंग सिखों ने दी दबिश, पुलिस थाने पहुंची जमींदार की पिस्टल
जमींदार के इस अत्याचार से परेशान होकर पीड़ित ने किसी तरह निहंग सिखों से संपर्क किया. मामले की गंभीरता को देखते हुए निहंग कुलदीप सिंह और उनके साथियों ने तुरंत इस मामले में दखल दिया. निहंगों ने जमींदार के ठिकाने पर पहुंचकर युवक को उसके चंगुल से छुड़वाया.
इतना ही नहीं, निहंग सिखों ने मौके से जमींदार की पिस्टल को भी अपने कब्जे में लिया और उसे सीधे पुलिस थाने ले जाकर जमा करवा दिया. फिलहाल पुलिस ने पीड़ित युवक की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है.



