जम्मूकश्मीर की रियासी पुलिस ने आतंकियों के नेटवर्क पर एक और बड़ा प्रहार किया है. पुलिस ने पाकिस्तान में बैठे आतंकवादी हैंडलरों से जुड़े पांच लोगों की संपत्तियां अटैच की हैं. इस कार्रवाई के जरिए पुलिस ने साफ संकेत दिया है कि जम्मूकश्मीर में आतंकवाद को बढ़ावा देने, आतंकियों को मदद पहुंचाने और सीमा पार बैठे हैंडलरों के संपर्क में रहने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

पुलिस के मुताबिक, ये पांचों लोग रियासी जिले के अलगअलग इलाकों के रहने वाले हैं और हथियारों की ट्रेनिंग लेने के लिए पाकिस्तान चले गए थे. जांच में सामने आया है कि ये लोग सीमा पार से आतंकी गतिविधियों को दोबारा सक्रिय करने की कोशिश कर रहे थे. पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि ये लोग अपनी जमीन बेचने की कोशिश कर रहे थे, ताकि उन पैसों से आतंकियों की मदद किया जा सके.

UAPA के तहत आतंकियों की संपत्तियां अटैच

पुलिस कोआशंका थी कि जमीन बेचकर मिलने वाले पैसे का इस्तेमाल आतंकवादी गतिविधियों को बढ़ावा देने और आतंकियों की मदद के लिए किया जा सकता है. इसी खतरे को देखते हुए पुलिस ने उनकी संपत्तियों को अटैच करने की कार्रवाई की है.

जिन पांच लोगों की संपत्तियां अटैच की गई हैं, उनके नाम मोहम्मद कय्यूम उर्फ अब्दुल कय्यूम, निवासी शादोले, महोरे, बशीर अहमद उर्फ मासूम, निवासी बद्दर, शौकत अली, निवासी हुंडर, अरनास, मंजूर अहमद उर्फ मंजूर हुसैन, निवासी खांटी और इम्तियाज अहमद थुरू का रहने वाला शामिल है.

इन इन पांचों की कुल करीब 29 कनाल जमीन कार्रवाई के दायरे में आई है. मोहम्मद कय्यूम की 2 कनाल 7.5 मरला, बशीर अहमद की 3 कनाल 8 मरला, शौकत अली की 3 कनाल 10 मरला, मंजूर अहमद की 15 कनाल 19 मरला और इम्तियाज अहमद की 3 कनाल 10 मरला.पुलिस ने UAPA की धारा 25 के तहत यह कार्रवाई की है.

30 लोग 1991 से 2003 के बीच पाकिस्तान गए

यह मामला महोरे पुलिस स्टेशन में दर्ज FIR नंबर 70/2024 से जुड़ा है. इस मामले में भारतीय न्याय संहिता और अन्य संबंधित कानूनों की धाराएं भी लगाई गई हैं. इस पूरे मामले में एक और अहम बात सामने आई है. पुलिस को 29 नवंबर 2024 को मिली जानकारी के मुताबिक, महोरे और चसाना इलाके के करीब 30 लोग 1991 से 2003 के बीच पाकिस्तान चले गए थे.

जांच में आरोप है कि ये लोग पाकिस्तान में रहकर हिजबुल मुजाहिदीन के लिए काम कर रहे हैं. इन पर सीमा पार से हथियार, गोलाबारूद और पैसे पहुंचाने के साथसाथ स्थानीय युवाओं को आतंकवाद की तरफ धकेलने के आरोप भी हैं.

आतंकवाद के इस पूरे नेटवर्क पर कड़ा प्रहार

पुलिस अब आतंकवाद के इस पूरे नेटवर्क की आर्थिक और लॉजिस्टिक मदद को खत्म करने की कोशिश कर रही है. संपत्तियों को अटैच करने का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि पाकिस्तान में बैठे आतंकी हैंडलर अपनी जमीन और दूसरी संपत्तियों का इस्तेमाल आतंकी गतिविधियों के लिए पैसा जुटाने में न कर सकें.

इस कार्रवाई के जरिए जम्मूकश्मीर पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि भले ही कोई व्यक्ति पाकिस्तान में बैठकर आतंकी नेटवर्क चला रहा हो, लेकिन जम्मूकश्मीर में मौजूद उसकी संपत्तियां भी कानून के दायरे में आएंगी.