Ahmedabad PG Rape News: गुजरात की आर्थिक राजधानी अहमदाबाद से एक दिल दहला देने वाली और महिला सुरक्षा पर सवाल खड़े करने वाली वारदात सामने आई है. शहर के आनंदनगर इलाके स्थित एक पेइंग गेस्ट में रहने वाली इंटीरियर डिजाइनिंग की छात्रा के साथ सिक्योरिटी गार्ड ने छत पर ले जाकर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया.

घटना के बाद फरार हुए आरोपी को पुलिस ने जब गिरफ्तार किया और रिकवरी के लिए ले गई, तो उसने पुलिस की सर्विस पिस्टल छीनकर भागने की कोशिश की. जवाबी कार्रवाई में पुलिस द्वारा चलाई गई गोली आरोपी के पैर में लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया.

छत पर टहलने गई छात्रा को तार से बांधकर किया रेप

जानकारी के मुताबिक, शनिवार की रात करीब 10 बजे पीड़ित छात्रा पीजी की छत पर टहलने के लिए गई थी. उसी समय वहां पहले से घात लगाकर बैठा सिक्योरिटी गार्ड भी मौजूद था. अहमदाबाद शहर पुलिस के जेसीपी नीरज बडगुजर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया आरोपी सिक्योरिटी गार्ड ने पीड़िता की गर्दन पर लोहे/प्लास्टिक का तार लपेटकर उसे पूरी तरह से अपने काबू में कर लिया. तार की वजह से छात्रा चीखपुकार या मदद की गुहार नहीं लगा सकी. इसके बाद आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और रेप की घिनौनी वारदात को अंजाम दिया.”

दरिंदगी के बाद आरोपी छात्रा का मोबाइल फोन छीन लिया और उसे छत पर बाहर से कुंडी लगाकर बंद करके मौके से फरार हो गया. बाद में पीड़िता ने किसी तरह शोर मचाया, जिसे सुनकर नीचे की मंजिलों पर रहने वाले अन्य निवासियों ने ऊपर आकर उसे बचाया और तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया.

6 दिन पहले ही नौकरी पर आया था आरोपी, CCTV से हुआ ट्रैस

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सिक्योरिटी गार्ड की पहचान धर्म सिंह के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले का मूल निवासी है. उसे मात्र 6 दिन पहले ही इस पीजी में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी पर रखा गया था.

वारदात को अंजाम देने के बाद उसने अपना मोबाइल बंद कर लिया और शहर छोड़कर भागने की फिराक में था. मामले की गंभीरता को देखते हुए अहमदाबाद पुलिस और क्राइम ब्रांच की कई टीमें गठित की गईं. पुलिस ने इलाके के दर्जनों सीसीटीवी फुटेज खंगाले और रविवार सुबह करीब 8 बजे आरोपी को हेबतपुर इलाके से गिरफ्तार कर लिया.

पिस्टल छीनकर भागने का प्रयास, हाथापाई में चला राउंड

डीसीपी जोन7 शिवम वर्मा ने बताया कि रविवार रात पुलिस टीम आरोपी धर्म सिंह को पीड़िता से चुराया गया मोबाइल फोन रिकवर करने के लिए हेबतपुर इलाके में ले गई थी. वहां आरोपी ने अचानक एक पुलिस इंस्पेक्टर की सर्विस पिस्टल छीनने का प्रयास किया, जिससे मौके पर पुलिसकर्मियों और आरोपी के बीच हाथापाई शुरू हो गई. इस दौरान एक राउंड फायर हुआ, जिसमें एक पुलिस कांस्टेबल घायल हो गया. इसके तुरंत बाद पुलिस ने आत्मरक्षार्थ और आरोपी को भागने से रोकने के लिए नियंत्रण में गोली चलाई, जो आरोपी के पैर में लगी और वह गिर पड़ा.

पुलिस ने घायल आरोपी को तुरंत अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया है और उसके खिलाफ रेप, चोरी और पुलिस पर हमला करने सहित कई संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.