एम्स, नई दिल्ली की एक नई रिसर्च ने आयरन की कमी से होने वाले एनीमिया के इलाज में बड़ा खुलासा किया है. रिसर्च के अनुसार, जिन मरीजों में विटामिनD की भी कमी होती है, उन्हें सिर्फ आयरन देने से फायदा कम होता है. लेकिन आयरन के साथ विटामिनD भी दिया जाए, तो हीमोग्लोबिन, फेरिटिन और खून की कमी तेजी से ठीक होती है.

टीवी 9 भारतवर्ष से खास बातचीत में फार्माकॉलॉजिस्ट डॉ यादव ने कहा कि साल 2023 में हमने इस रिसर्च की शुरूआत की थी जो साल 2025 में खत्म हुआ.

हेमेटोलॉजी डिपार्टमेंट के डॉ मुकुल अग्रवाल एडिशन प्रोफेसर एम्स ने टीवी9 भारतवर्ष से बातचीत में कहा कि एनीमिया के मरीजों में विटामिनD की जांच करना और कमी होने पर उसे ठीक करना, इलाज को सस्ता, सरल और ज्यादा असरदार बना सकता है। ऐसे में यह शोध के दूरगामी परिणाम होंगे.

कैसे हुई रिसर्च?

कुल 400 मरीजों को शामिल किया गया, 385 ने 90 दिन का कोर्स पूरा किया. सभी को 90 दिन तक रोजाना आयरन वाला माइक्रोन्यूट्रिएंट सप्लीमेंट दिया गया 300 mg फेरस फ्यूमरेट + फोलेट + विटामिन B12 + अन्य मिनरल्स

डॉ हरलोकेश नारायण यादव ने कहा कि इस रिसर्च में मेडिसिन और हेमेटलॉजी डिपार्टमेंट से मरीजों को ट्रायल के लिए चुना गया. इसके लिए मरीजों को 3 ग्रुप में बांटा गया:
1. ग्रुप 1 VDS+Fe : विटामिनD सही था, सिर्फ आयरन थेरेपी
2. ग्रुप 2 VDD+Fe : विटामिनD कम था, सिर्फ आयरन थेरेपी
3. ग्रुप 3 VDD+Fe+VD : विटामिनD कम था, आयरन + विटामिनD

ग्रुप 3 को पहले 6 हफ्ते तक हफ्ते में एक बार 60,000 IU कोलेकैल्सीफेरॉल दिया गया.

क्या निकला नतीजा?

90 दिन बाद तीनों ग्रुप में सुधार हुआ, लेकिन सबसे ज्यादा फायदा ग्रुप 3 को हुआ.

हीमोग्लोबिन, हेमेटोक्रिट, RBC काउंट, MCV, फेरिटिन में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी ग्रुप 3 में हुई
सबसे कम फायदा ग्रुप 2 को हुआ, जिसमें विटामिनD की कमी थी पर विटामिनD दिया नहीं गया
विटामिनD के स्तर में जितना सुधार हुआ, हीमोग्लोबिन और फेरिटिन में उतना ही सुधार देखा गया
सबसे गंभीर एनीमिया वाले मरीजों को विटामिनD से सबसे ज्यादा फायदा हुआ

क्यों काम करता है विटामिनD?

रिसर्च के अनुसार, विटामिनD का एक्टिव फॉर्म हेप्सिडिन नामक हार्मोन को कम करता है. हेप्सिडिन कम होने से आंत से आयरन का अवशोषण बढ़ता है और शरीर में जमा आयरन का इस्तेमाल बेहतर होता है. साथ ही सूजन भी कम होती है, जिससे खून बनने की प्रक्रिया तेज होती है.

पूरी स्टडी में कोई गंभीर साइड इफेक्ट नहीं मिला. कुछ मरीजों को हल्की अपच हुई, जो बिना इलाज के ठीक हो गई. हाई कैल्शियम या विटामिनD टॉक्सिसिटी का कोई मामला नहीं मिला.

भारत के लिए क्यों जरूरी?

भारत में आयरन की कमी से एनीमिया और विटामिनD की कमी, दोनों ही बहुत आम हैं. भारत में विटामिनD की कमी 50% से 90% तक बताई जाती है. ऐसे में सिर्फ आयरन देने से कई मरीज ठीक नहीं हो पाते.