देश के प्रतिष्ठित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की में बीटेक सेकंड ईयर के 20 साल के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. गोविंद भवन हॉस्टल के कमरे में छात्र का शव फंदे से लटका मिलने से संस्थान परिसर में हड़कंप मच गया. मृतक की पहचान गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन निवासी आयुष राजोरिया के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार देर रात करीब एक बजे रुड़की कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि आईआईटी के गोविंद भवन हॉस्टल में एक छात्र अपने कमरे में फंदे से लटका हुआ है. सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट पुलिस टीम और फील्ड यूनिट के साथ मौके पर पहुंचे. कमरे का दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण सुरक्षा गार्डों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया. अंदर पहुंचने पर छात्र आयुष राजोरिया का शव चादर के फंदे से पंखे पर लटका मिला.

पुलिस को मिला सुसाइड नोट

पुलिस ने शव को नीचे उतारकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल रुड़की भेज दिया. घटनास्थल की जांच के दौरान कमरे से एक सुसाइड नोट मिलने की बात भी सामने आई है. जानकारी के अनुसार, नोट में छात्र ने जिंदगी से परेशान होने और जीवन का आनंद नहीं उठा पाने का जिक्र किया है. हालांकि, नोट में किसी व्यक्ति के खिलाफ कोई आरोप लगाए जाने की बात सामने नहीं आई है.

मामले की जांच जारी

मामले की जानकारी देते हुए एसपी देहात अभय सिंह ने बताया कि पुलिस को देर रात घटना की सूचना मिली थी, जिसके बाद तत्काल टीम मौके पर भेजी गई. कमरे से मिले सुसाइड नोट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है. फिलहाल पुलिस को परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है.