ऊना। हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां शादी समारोह में शामिल होकर खुशीखुशी घर लौट रहे दो लोगों के साथ ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ कि एक परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। घनारी के पास एक ऑल्टो कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।

 

हादसा इतना गंभीर था कि कार में सवार दोनों व्यक्ति बुरी तरह घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे 51 वर्षीय जसवंत सिंह ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वहीं, दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में उसका उपचार जारी है। इस हादसे के बाद मृतक के घर में चीखपुकार मच गई और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

शादी समारोह से लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक हादसा बुधवार को ऊना जिले के घनारी के समीप पेश आया। ठठाबड़ निवासी जसवंत सिंह और मंजीत सिंह एक विवाह समारोह में शामिल होने के बाद ऑल्टो कार में सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। दोनों अभी घर पहुंचने ही वाले थे कि घनारी के पास अचानक उनकी कार चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई और सड़क पर पलट गई। कुछ ही पलों में शादी समारोह की खुशियां दर्दनाक हादसे में बदल गईं।

 

यह भी पढ़ें :

कार पलटने से दोनों को आईं गंभीर चोटें

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई। कार में सवार दोनों व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दौलतपुर चौक पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया।

सिर पर गंभीर चोट से जसवंत की मौत

दौलतपुर चौक अस्पताल में तैनात चिकित्सक डॉ. सुखविंदर सिंह ने दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार दिया। चिकित्सकीय जानकारी के अनुसार, जसवंत सिंह के सिर पर गंभीर चोट आई थी, जबकि मंजीत सिंह की बाजू में फ्रैक्चर हुआ था। दोनों की हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर कर दिया।

जसवंत सिंह की हालत बेहद नाजुक बनी हुई थी। उन्हें आगामी उपचार के लिए ऊना ले जाया जा रहा था, लेकिन मुबारिकपुर के पास उनकी तबीयत ने साथ छोड़ दिया और उन्होंने दम तोड़ दिया। एक ओर मंजीत सिंह का उपचार जारी है, वहीं दूसरी ओर जसवंत सिंह की मौत की खबर से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस घर में कुछ समय पहले तक खुशियों का माहौल था, वहां अब मातम पसरा हुआ है।

डीएसपी अंब ने की हादसे की पुष्टि

हादसे की पुष्टि डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने की है। इस दर्दनाक सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत और दूसरे के घायल होने से इलाके में शोक का माहौल है। शादी समारोह से लौटते समय हुए इस हादसे ने एक परिवार को ऐसा जख्म दे दिया, जिसकी भरपाई शायद कभी नहीं हो पाएगी।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें