Jaipur Flower Garland Scam: राजस्थान की राजधानी जयपुर में नगर निगम की उद्यान शाखा में भ्रष्टाचार का हैरान करने वाला मामला सामने आया है. फूलमालाओं की खरीद में लाखों की गड़बड़ी की गई है. आरोप है कि नगर निगम के अधिकारियों ने स्वागत और सम्मान कार्यक्रमों के नाम पर महज आठ महीने में 17 लाख रुपये से ज्यादा की फूलमालाएं खरीद लीं. हैरत की बात यह है कि सारी मालाएं एक ही फर्म से खरीदी गई. वह भी बाजार से दोगुने भाव पर. हर कार्यक्रम में फूलमालाओं की अलगअलग दरों में खरीद की गई है.

नगर निगम की उद्यान शाखा ने विकास कार्यों के उद्घाटन, शिलान्यास और अन्य कार्यक्रमों के लिए फ्लोरिना एंटरप्राइजेज नाम की फर्म से फूलमालाओं की खरीद की थी. आठ महीने के दौरान कुल 35 कार्यक्रमों के लिए 17 लाख रुपये से ज्यादा की खरीद दिखाई गई. आरोप है कि फूलमालाओं की कीमत बाजार दर से करीब दोगुनी रखी गई.

10 अतिथियों के स्वागत में 700 मालाएं

खरीद में सबसे चौंकाने वाली बात फूलमालाओं की संख्या है. कई कार्यक्रमों में महज 5 से 10 अतिथि मौजूद थे, लेकिन रिकॉर्ड में उनके स्वागत के लिए 400 से 700 मालाओं तक की खरीद दिखाई गई. नगर निगम ने विकास कार्यों के उद्घाटन, शिलान्यास, वाहनों को हरी झंडी दिखाने, कर्मचारियों की रिटायरमेंट पार्टी, बधाई समारोह, जनसुनवाई और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों के लिए फूलमालाएं खरीदी थीं.

गुलाब, मोगरा और गजरों पर भी लाखों खर्च

नगर निगम ने पिछले साल जून से इस साल फरवरी तक गुलाब, मोगरा और नौरंगा की मालाओं के अलावा फूलों के गजरे, गुलाब की पत्तियां, फूलों के बंच और रोज स्टिक की खरीद की. इसके अलावा साधारण और स्पेशल बुके तथा फूलों की बास्केट भी खरीदी गईं. सिर्फ बुके और बास्केट की खरीद पर ही दो लाख रुपये से ज्यादा खर्च दिखाया गया है. खरीद की मात्रा और कीमतों को लेकर सवाल उठ रहे हैं.

पहले भी एसीबी की रडार पर रही उद्यान शाखा

जयपुर नगर निगम की उद्यान शाखा पहले भी भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर चर्चा में रही है. भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की ओर से शाखा में पहले भी कई बार कार्रवाई की जा चुकी है. कुछ मामलों की जांच अब भी लंबित बताई जा रही है. ऐसे में फूलमालाओं की खरीद में सामने आई कथित अनियमितताओं ने एक बार फिर अधिकारियों और ठेकेदारों की भूमिका पर सवाल खड़े कर दिए हैं. हालांकि, इन आरोपों पर संबंधित अधिकारियों और फर्म का पक्ष सामने नहीं आया है.