भारत में चीनी के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन पड़ोसी देश नेपाल में चीनी उससे भी ज्यादा महंगी हो चुकी है. जहां भारत में चीनी करीब 65 से 70 रुपये किलो बिक रही है, तो वहीं नेपाल के कई बाजारों में इसका दाम 140 से 150 नेपाली रुपये प्रति किलो तक पहुंच चुका है. यही वजह है कि अब नेपाल के लोग सीमा पार कर उत्तर प्रदेश के बाजारों से चीनी खरीदने पहुंच रहे हैं. यूपी के लखीमपुर खीरी के गौरीफंटा बॉर्डर से लगी बनगवा मंडी में टीवी9 भारतवर्ष ने पड़ताल की कि आखिर नेपाल से लोग भारत में चीनी खरीदने क्यों आ रहे हैं?

एक दुकानदार ने बताया, ‘नेपाल में चीनी का रेट काफी बढ़ गया है. यहां बनगवा बाजार में लोग खरीदने आ रहे हैं. अभी यहां करीब 100 से 105 नेपाली रुपये किलो के हिसाब से पड़ रही है, जबकि नेपाल में 140150 रुपये तक बिक रही है’. अब कीमतों के इस अंतर का सीधा फायदा नेपाल से आने वाले ग्राहकों को मिल रहा है. एक किलो चीनी पर 30 से 40 नेपाली रुपये तक की बचत हो रही है. यही वजह है कि रोजमर्रा की जरूरत का सामान खरीदने के लिए लोग सीमा पार कर भारतीय बाजारों का रुख कर रहे हैं.
चीनी खरीदने भारत आ रहीं नेपाली महिलाएं
नेपाल की एक महिला ग्राहक ने बताया कि ‘नेपाल में चीनी महंगी है. यहां से खरीदने पर सस्ती पड़ती है, इसलिए हम लोग यहां से ले जाते हैं’. नेपाल के उपभोक्ताओं का कहना है कि बढ़ती महंगाई के बीच जहां कुछ रुपये की बचत भी मायने रखती है, वहीं चीनी जैसी रोजमर्रा की जरूरत की चीज में यह अंतर काफी बड़ा है. इसी तरह नेपाल की एक अन्य महिला ग्राहक का भी कहना है कि नेपाल में रेट ज्यादा है और यहां से लेने पर पैसा बच जाता है, इसलिए खरीदने आते हैं.
यूपी में नेपाल की तुलना में कीमतें काफी कम
वहीं, स्थानीय व्यापारियों के मुताबिक, नेपाल में बढ़ती कीमतों के बाद चीनी की बिक्री बढ़ी है. हालांकि अभी बाजार में किसी तरह की कमी नहीं है, लेकिन पहले के मुकाबले नेपाली ग्राहकों की संख्या बढ़ी हुई दिखाई दे रही है. भारतनेपाल सीमा से लगे बनगवा बाजार में मौजूद धर्मेंद्र राजपूत ने बताया, ‘यहां भारत में चीनी के दाम बढ़ने के बावजूद नेपाल की तुलना में कीमतें काफी कम हैं. यही वजह है कि नेपाल से लोग यहां खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं. फिलहाल एक किलो चीनी पर 30 से 40 नेपाली रुपये तक की बचत नेपाली ग्राहकों को हो रही है और इसी ने सीमा पार खरीदारी को बढ़ावा दिया है’.



