Former BJP MLA Atar Singh Bhadana Murder Case: राजस्थान के भरतपुर जिले के भौंडा गांव में खनन और क्रेशर विवाद को लेकर बयाना से पूर्व भाजपा विधायक अतर सिंह भड़ाना की सरेआम हत्या के सनसनीखेज मामले ने सूबे की कानूनव्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. जयपुर के SMS अस्पताल की मोर्चरी में मेडिकल बोर्ड की देखरेख में पूर्व विधायक के शव का पोस्टमार्टम करवाया गया. अतर सिंह भड़ाना पहले बीजेपी के विधायक थे फिर उन्होंने कांग्रेस का दामन थाम लिया था.

पूर्व विधायक की दिनदहाड़े हुई इस हत्या को लेकर कांग्रेस ने सरकार को सीधे कटघरे में खड़ा किया है. कांग्रेस नेता प्रहलाद गुंजल ने एसएमएस मोर्चरी पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाया और सरकार की कार्यशैली पर कड़े सवाल उठाए. गुंजल ने आरोप लगाया कि पूर्व विधायक अपनी सुरक्षा को लेकर लगातार सरकार, मुख्य सचिव और डीजीपी तक गुहार लगा रहे थे, लेकिन शिकायतों पर कोई संज्ञान नहीं लिया गया.
मुख्यमंत्री व गृहमंत्री के इस्तीफे की मांग
गुंजल ने हत्यारों को राजनीतिक संरक्षण मिलने की आशंका जताते हुए कहा कि अगर इतने वरिष्ठ नेता की सुरक्षा नहीं हो सकती, तो आम जनता का क्या होगा? कांग्रेस नेता प्रहलाद गुंजल ने भजनलाल सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए इसे कानून के इकबाल और जनता के भरोसे का कत्ल करार दिया है और मुख्यमंत्री व गृहमंत्री के इस्तीफे की मांग की है.
फिलहाल पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को लेकर फरीदाबाद के पास स्थित उनके पैतृक गांव पाली के लिए रवाना हो गए हैं. वहीं इस हत्याकांड को लेकर प्रदेश का सियासी पारा चरम पर पहुंच गया है. भरतपुर के भौंडा गांव में लीज और क्रेशर संचालन को लेकर बीते दो साल से चल रहा विवाद आखिरकार एक खूनी वारदात में तब्दील हो गया. साल 2003 से 2008 तक भाजपा सरकार में बयाना से विधायक रहे अतर सिंह भड़ाना को उनके ही कार्यस्थल पर घेरकर बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया गया.
शरीर पर कई जगह गंभीर चोटों के निशान
घटना के बाद गंभीर हालत में उन्हें जयपुर लाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. आज सुबह एसएमएस अस्पताल की मोर्चरी में बेटे अर्जुन सिंह भड़ाना और परिजनों की मौजूदगी में मेडिकल बोर्ड ने शव का पोस्टमार्टम किया. अस्पताल के अतिरिक्त अधीक्षक डॉ. प्रदीप शर्मा के अनुसार, पूर्व विधायक को जब अस्पताल लाया गया तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं और उनके शरीर पर कई जगह गंभीर चोटों के निशान मिले हैं.
घटना को लेकर डीजीपी राजीव शर्मा ने रेंज आईजी से फैक्चुअल रिपोर्ट माँगी है. एसपी राजेश मीणा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और एसएचओ वैर से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली. रेंज आईजी को घटनास्थल पर पहुंचकर आज ही फैक्चुअल रिपोर्ट पेश करने के आदेश दिये गये है. मामले में 5 लोगों को अब तक हिरासत में लिया गया है.



