Panna Accident: मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के शाहनगर थाना अंतर्गत पन्नाकटनी मुख्य मार्ग पर एक बेहद दर्दनाक और हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां सड़क किनारे झाड़ियों में 24 अक्टूबर को 21 वर्षीय युवक का शव और उसकी क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान सरफराज पारधी के रूप में हुई है, जो कुपना घाट का रहने वाला था.

इस दुर्घटना का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह रहा कि मृतक पिता के शरीर से उसका डेढ़ साल का मासूम बच्चा बंधा हुआ था. गनीमत यह रही कि इस भयानक हादसे में मासूम को खरोंच तक नहीं आई और वह पूरी तरह सुरक्षित है. ​घटना की जानकारी मिलते ही शाहनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया.

डेढ़ साल के मासूम से बंधा था पिता का शव

डॉक्टर आशीष तिवारी द्वारा पोस्टमार्टम किए जाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. मृतक के शरीर से बंधे मिले मासूम बच्चे को लेकर हर कोई हैरान है. पुलिस को मौके पर बाइक के अनियंत्रित होकर सड़क किनारे झाड़ियों में घुसने के निशान भी मिले हैं, जिससे शुरुआती तौर पर इसे सड़क दुर्घटना से जोड़ा जा रहा है. हालांकि, घटना किन परिस्थितियों में हुई और बच्चा किस तरह बंधा हुआ था, यह अभी जांच का विषय बना हुआ है.

मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूटा

​मृतक सरफराज के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. परिजनों के मुताबिक, सरफराज के तीन छोटे बच्चे हैं, जिनमें दो लड़कियां और एक लड़का शामिल है. घटना के संबंध में मृतक की बुआ सुती बाई ने बताया कि हादसे के वक्त सरफराज की पत्नी बड़की बाई अपनी बच्ची का इलाज कराने कटनी गई हुई थी. परिजनों ने यह भी बताया कि 22 अक्टूबर को ही युवक की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी.

फिलहाल पुलिस दुर्घटना और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए बारीकी से जांच कर रही है ताकि मौत के असल कारणों का खुलासा हो सके.