UP Crime News: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से पहचान छिपाकर एक युवती को प्रेमजाल में फंसाने और उसका शारीरिक व मानसिक शोषण करने का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. आरोप है कि बिजनौर के रहने वाले एक मुस्लिम युवक सलमान ने खुद को हिंदू बताकर एक युवती से दोस्ती की और करीब सात साल तक उसके साथ लिवइन रिलेशनशिप में रहा.

इस दौरान दोनों के तीन बच्चे भी हुए. हकीकत सामने आने और युवती द्वारा शादी का दबाव बनाने पर आरोपी ने न सिर्फ शादी से इनकार कर दिया, बल्कि उसके साथ मारपीट कर उसे घर से बाहर निकाल दिया. पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी सलमान उर्फ संदीप के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.आरोपी सलमान मूल रूप से बिजनौर के हबीबवाला का निवासी है
चंडीगढ़ में ऑटो चलाने के दौरान हुई थी मुलाकात
सलमान चंडीगढ़ में ऑटो चलाने का काम करता था. वहीं, उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले की रहने वाली 28 वर्षीय पीड़िता चंडीगढ़ की एक फैक्ट्री में काम करती थी. करीब सात साल पहले चंडीगढ़ में ही दोनों की मुलाकात हुई थी. सलमान ने युवती को अपना नाम ‘संदीप’ बताया और अपना असली धर्म व पहचान छिपाकर उससे दोस्ती कर ली.
7 साल का लिवइन और तीन बच्चे
युवती का आरोप है कि आरोपी ने खुद को संदीप बताकर उसे अपने प्रेमजाल में फंसाया और शादी का झांसा देकर उसके साथ लिवइन रिलेशनशिप में रहने लगा. बीते सात सालों के दौरान दोनों के तीन बच्चे हुए. पीड़िता को लंबे समय तक आरोपी के असली नाम और मजहब की भनक तक नहीं लगी.
सच सामने आने पर मारपीट और घर से निकाला
कुछ समय पहले जब युवती को संदीप की असली पहचान के बारे में पता चला, तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई. वह सलमान के हबीबवाला गांव में पहुंची और उसके परिजनों को आपबीती सुनाई और पीड़िता ने उनसे सलमान से शादी कराने को कहा, लेकिन सलमान ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया. पीड़िता का आरोप है कि विरोध करने पर सलमान ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और बच्चों को अपने पास जबरन रखकर उसे घर से बेघर कर दिया.
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
इस धोखाधड़ी और प्रताड़ना से तंग आकर पीड़िता ने धामपुर थाना कोतवाली में न्याय की गुहार लगाई. पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी सलमान उर्फ संदीप के खिलाफ पहचान छिपाकर छल करने, मारपीट और शोषण करने की संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज कर ली है. सीओ धामपुर अंजनी कुमार चतुर्वेदी ने बताया मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए गहनता से जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज हो गया है जांच और साक्ष्यों के आधार पर सलमान के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.



