Featured Image

Fatehpur Blackmail And Rape Case: झाड़फूंक के बहाने महिला से दुष्कर्म करने, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और धोखे से निकाह करने के आरोप में बांदा निवासी फहीम भारती उर्फ चुन्नू के खिलाफ सदर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज की गई है। महिला का आरोप है कि आरोपी ने उसकी पहली शादी तुड़वाने के बाद खुद को अविवाहित बताकर उससे निकाह किया, जबकि बाद में पता चला कि वह पहले ही दो महिलाओं से निकाह कर चुका था और उसके बच्चे भी हैं। महिला के मुताबिक, मायके लौटने के बाद आरोपी ने उसके फोटो और वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर उसे बदनाम करना शुरू कर दिया। पुलिस मामले की जांच के साथ आरोपी की तलाश कर रही है।

झाड़फूंक के बहाने कमरे में बुलाने का आरोप

महिला के अनुसार, आरोपी उसके पिता के पास झाड़फूंक करने के लिए आता था। बीमारी ठीक करने का झांसा देकर उसने एक दिन महिला को अकेले कमरे में बुलाया और दुष्कर्म किया। आरोप है कि इसी दौरान उसने अश्लील वीडियो भी बना लिया। महिला का कहना है कि वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देकर आरोपी लंबे समय तक उसका शोषण करता रहा।

खुद को अविवाहित बताकर किया निकाह

महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने उसका पहला निकाह भी तुड़वा दिया था। इसके बाद खुद को अविवाहित बताते हुए पांच मई 2016 को उससे निकाह किया और उसे बांदा ले गया। वहां कुछ समय बाद महिला को जानकारी हुई कि आरोपी पहले ही दो महिलाओं से निकाह कर चुका है और उसके बच्चे भी हैं। महिला के मुताबिक, बांदा में उसके दो पुत्र भी हुए।

फोटो-वीडियो प्रसारित करने का आरोप

महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी ने अलग-अलग नामों से फर्जी पहचान पत्र और अन्य दस्तावेज भी बनवा रखे हैं। वर्ष 2024 में भी उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी, लेकिन बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया। कुछ माह पहले महिला आरोपी के चंगुल से निकलकर मायके आ गई। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने उसके फोटो और वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर उसे बदनाम करना शुरू कर दिया। सदर कोतवाल हेमंत मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना की जा रही है और आरोपी की तलाश जारी है।