भारतीय क्रिकेट टीम में जगह बनाने के लिए खिलाड़ियों के बीच लगातार कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिल रही है। कई प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को फिलहाल टीम इंडिया के स्क्वाड में मौका नहीं मिल रहा है, लेकिन अब इन खिलाड़ियों के पास अपनी काबिलियत साबित करने का शानदार मौका है। भारत के 7 क्रिकेटर इंग्लैंड की धरती पर काउंटी क्रिकेट खेलते हुए नजर आने वाले हैं।

इनमें युजवेंद्र चहल , राहुल चाहर , जयदेव उनादकट , मयंक अग्रवाल , मानव सुथार , महिपाल लोमरोर और साई किशोर शामिल हैं। इनमें से कई खिलाड़ी लंबे समय से भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं और काउंटी क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करके चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचना चाहेंगे।
टीम इंडिया से दूर, अब इंग्लैंड में साबित करेंगे अपनी ताकत
सबसे बड़ा नाम युजवेंद्र चहल का है। वह नॉर्थहैम्पटनशायर के लिए काउंटी चैंपियनशिप में खेलेंगे। चहल इससे पहले भी इंग्लैंड में काउंटी क्रिकेट का अनुभव हासिल कर चुके हैं और अब एक बार फिर उनके प्रदर्शन पर नजर रहेगी।
राहुल चाहर सरे की टीम का हिस्सा होंगे। वह हाल ही में सरे के लिए वनडे कप में भी खेल चुके हैं। वहीं जयदेव उनादकट ससेक्स के लिए मैदान पर उतरेंगे।
मयंक अग्रवाल समेत इन खिलाड़ियों पर रहेंगी नजरें
मयंक अग्रवाल डरहम के लिए काउंटी क्रिकेट खेलेंगे। मयंक काफी समय से टीम इंडिया से बाहर हैं और फिलहाल घरेलू क्रिकेट में भी सक्रिय नहीं हैं। ऐसे में इंग्लैंड में उनका प्रदर्शन उनके करियर के लिए काफी अहम हो सकता है।
वहीं मानव सुथार वॉर्विकशायर की ओर से खेलेंगे। हाल ही में श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों में उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए कुल 16 विकेट हासिल किए थे। अब इंग्लैंड में लाल गेंद से उनका प्रदर्शन भारतीय चयनकर्ताओं के लिए खासा महत्वपूर्ण हो सकता है।
काउंटी में अच्छा प्रदर्शन तो खुल सकता है Team India का दरवाजा
महिपाल लोमरोर ने सरे के साथ करार किया है, जबकि साई किशोर ग्लॉस्टरशायर के लिए खेलेंगे। दोनों खिलाड़ी घरेलू क्रिकेट में लगातार अपनी प्रतिभा दिखाते रहे हैं और काउंटी क्रिकेट उनके लिए खुद को साबित करने का बड़ा मंच होगा।
इन सातों खिलाड़ियों के सामने अब इंग्लैंड की परिस्थितियों में अच्छा प्रदर्शन करने की चुनौती है। अगर ये खिलाड़ी काउंटी क्रिकेट में बल्ले या गेंद से प्रभाव छोड़ने में सफल रहते हैं, तो आने वाले समय में टीम इंडिया में वापसी की उनकी उम्मीदें जरूर मजबूत हो सकती हैं।



