हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। पंजाब से दोस्तों के साथ घूमने आए 19 वर्षीय युवक की ब्यास नदी में डूबने से मौत हो गई। कुछ घंटे पहले तक दोस्तों संग हंसी-मजाक कर रहा युवक देखते ही देखते नदी की गहराइयों में समा गया। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
जानकारी के अनुसार पंजाब के कपूरथला जिले के भगतपुरा इलाके का रहने वाला विशाल अपने आठ दोस्तों के साथ ऐतिहासिक कालेश्वर महादेव मंदिर घूमने पहुंचा था। मंदिर में दर्शन करने के बाद सभी दोस्त आसपास बह रही ब्यास नदी के किनारे पहुंचे। भीषण गर्मी के कारण युवकों ने नदी में उतरकर नहाने का फैसला किया।
शुरुआत में सब कुछ सामान्य था। सभी दोस्त नदी किनारे मस्ती कर रहे थे। इसी दौरान विशाल नदी पार कर दूसरी तरफ पहुंच गया। लेकिन वापस लौटते समय अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी वाले हिस्से में चला गया। देखते ही देखते विशाल पानी में डूबने लगा।
दोस्तों ने उसे बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन नदी का तेज बहाव और गहराई उनके सामने भारी पड़ गई। कुछ ही पलों में वहां चीख-पुकार मच गई। दोस्तों की आवाजें सुनकर आसपास मौजूद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत रेस्क्यू शुरू किया।
काफी मशक्कत के बाद विशाल को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। युवक की सांसें थम चुकी थीं। मौके पर मौजूद हर व्यक्ति यह दृश्य देखकर स्तब्ध रह गया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। बाद में पार्थिव देह परिजनों को सौंप दी गई।
जिस बेटे को परिवार खुशी-खुशी हिमाचल घूमने भेजा था, अब उसी की पार्थिव देह घर पहुंची। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। दोस्तों का भी रो-रोकर बुरा हाल है। यह दर्दनाक हादसा एक बार फिर याद दिलाता है कि नदी और गहरे जल स्रोतों में थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।