सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले से साइबर ठगी का एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने हर मेहनतकश इंसान को सोचने पर मजबूर कर दिया है। यहां दिनभर चाय बेचकर परिवार चलाने वाले एक व्यक्ति की जिंदगीभर की मेहनत पर साइबर ठगों ने कुछ ही मिनटों में हाथ साफ कर दिया।
जानकारी के अनुसार सोसाइटीगंज बाजार में चाय बेचने वाले विद्या दत्त पिछले कई सालों से अपनी कमाई में से थोड़ा-थोड़ा पैसा बचाकर बैंक खाते में जमा कर रहे थे। परिवार की जरूरतों और भविष्य की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने करीब 1.75 लाख रुपये की रकम जोड़ी थी। लेकिन उन्हें क्या पता था कि उनकी इस जमा पूंजी पर साइबर शातिरों की नजर पड़ चुकी है।
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले उनके मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को एचडीएफसी बैंक का अधिकारी बताया और बैंकिंग डिटेल अपडेट करने की बात कही। बातचीत के दौरान आरोपी ने बड़ी चालाकी से उनका भरोसा जीत लिया और जरूरी जानकारी हासिल कर ली।
फोन कटने के कुछ देर बाद ही विद्या दत्त का मोबाइल अजीब तरीके से काम करने लगा। मोबाइल बार-बार हैंग होने लगा और फिर लगभग बंद हो गया। इसी बीच साइबर ठग खाते से पैसे निकालते रहे और पीड़ित को इसकी भनक तक नहीं लगी।
करीब दो दिन बाद जब मोबाइल सामान्य हुआ और बैंक मैसेज चेक किए गए तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। खाते से 1 लाख 75 हजार रुपये अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए निकाले जा चुके थे। यह वही रकम थी जिसे उन्होंने सालों तक चाय बेचकर और छोटी-छोटी बचत करके जमा किया था।
घटना के बाद परिवार गहरे सदमे में है। पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और साइबर ठगी से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। वहीं पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल पर बैंक डिटेल या OTP साझा न करें।