मंडी। हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी के एक परिवार की तलाश उस समय खत्म हो गई, जब कई दिनों से लापता चल रहे युवक की देह घर से करीब 200 मीटर दूर मिला है। शव मिलने की खबर से इलाके में हड़कंप मच गया।

चार दिन से लापता था व्यक्ति
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला मंडी के बल्ह क्षेत्र के सयोशी गांव का है। यहां बताया जा रहा है कि व्यक्ति 14 अक्टूबर से अचानक लापता हो गया था। परिवार ने उनकी आसपास के इलाकों में काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल पाया।
परिजनों ने पुलिस में दर्ज कराई थी शिकायत
व्यक्ति के लापता होने के बाद परिवार लगातार उसकी तलाश कर रहा था। जब कई जगह ढूंढने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला तो 16 अक्टूबर को परिजनों ने पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई। इसके बाद पुलिस भी उनकी तलाश में जुटी हुई थी।
तलाश के दौरान मिला शव
रविवार को परिवार और अन्य लोगों ने जब उनकी तलाश की तो घर से करीब 200 मीटर दूर उनका शव पड़ा हुआ मिला। शव मिलने की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। मृतक की पहचान रमेश चंद (55), पुत्र भूप सिंह, निवासी गांव सयोशी (डाकघर दियारगी, तहसील बल्ह) के रूप में हुई है।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्रीय फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला मंडी की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। विशेषज्ञों ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगा मौत का कारण
SP विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि रमेश चंद की मौत किस वजह से हुई, इसका सही पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।



