बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसों के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। कहीं वाहन चालकों की लापरवाही तो कहीं अचानक हुए हादसे लोगों की जान ले रहे हैं। ताजा मामला जिला बिलासपुर के घुमारवीं बाजार से सामने आया है, जहां ट्रैक्टर से नीचे गिरने के एक युवक की मौत हो गई।
काम से घर लौट रहा था युवक

जानकारी के अनुसार, यह हादसा बिलासपुर जिले के घुमारवीं बाजार में पंजाब नेशनल बैंक के सामने हुआ। बताया जा रहा है कि युवक ठेकेदार के पास लैंटर डालने का काम पूरा करने के बाद अन्य मजदूरों के साथ ट्रैक्टर पर सवार होकर अपने कमरे में लौट रहा था।
–
इसी दौरान जब ट्रैक्टर घुमारवीं में पंजाब नेशनल बैंक के सामने पहुंचा, तो अचानक युवक सड़क पर गिर गया। गिरने से उसके सिर पर गंभीर चोट लग गई।
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
हादसे के तुरंत बाद घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। मृतक की पहचान 30 वर्षीय नंद किशोर के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश का रहने वाला था। वह कंदरौर में रहकर मजदूरी करता था।
–
पुलिस ने चालक के खिलाफ दर्ज किया मामला
पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। वहीं, ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। एसपी अभिषेक धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस घटना की जांच में जुटी हुई है।



