Uttarakhand News: वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में कॉर्बेट टाइगर रिजर्व एक और महत्वपूर्ण पहल करने जा रहा है. अब कॉर्बेट में शिकारी पक्षियों यानी रैप्टर्स की विभिन्न प्रजातियों के संरक्षण, उनके रहवास और मूवमेंट को लेकर विशेष सर्वे किया जाएगा. इसके लिए कॉर्बेट टाइगर रिजर्व WWF इंडिया के साथ मिलकर रिसर्च प्रोजेक्ट शुरू करने जा रहा है. इस दौरान तीन प्रजातियों के गिद्धों को सैटेलाइट टैग लगाकर उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी.

कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के डायरेक्टर डॉ. साकेत बडोला ने जानकारी देते हुए बताया कि शिकारी पक्षियों के लिए कॉर्बेट का वन क्षेत्र बेहद महत्वपूर्ण प्राकृतिक आवास है. इसी को देखते हुए पूरे प्रदेश में रैप्टर्स का सर्वे किया जा रहा है. कॉर्बेट में भी WWF इंडिया के सहयोग से दो स्तरों पर काम किया जाएगा. पहले चरण में पूरे क्षेत्र में पाई जाने वाली शिकारी पक्षियों की प्रजातियों, उनके वितरण, उनके द्वारा उपयोग किए जा रहे क्षेत्रों और उनके घोंसले बनाने वाले स्थानों की जानकारी जुटाई जाएगी.

एकएक पक्षी को पकड़कर सैटेलाइट टैग लगाया जाएगा

वहीं दूसरे चरण में कुछ प्रमुख प्रजातियों पर सैटेलाइट टैग लगाए जाएंगे, जिससे उनके मूवमेंट की लगातार निगरानी की जा सकेगी. डॉ. बडोला के मुताबिक, इस बार रेड हेडेड वल्चर, इजिप्शियन वल्चर और व्हाइट बैक्ड वल्चर को इसके लिए चुना गया है. इन तीनों प्रजातियों के एकएक पक्षी को पकड़कर सैटेलाइट टैग लगाया जाएगा. इसके बाद उनके मूवमेंट को कॉर्बेट के कार्यालय और रिसर्च सेंटर से ट्रैक किया जा सकेगा.

डॉ. बडोला ने बताया कि इस रिसर्च का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि शिकारी पक्षी किन क्षेत्रों का अधिक इस्तेमाल कर रहे हैं और कौनकौन सी प्रजातियां कॉर्बेट में लगातार नेस्टिंग कर रही हैं. सैटेलाइट टैग से उनके रिसोर्स यूटिलाइजेशन पैटर्न के साथ ही यह भी जानकारी मिलेगी कि वे कॉर्बेट की सीमाओं से बाहर किन क्षेत्रों में पहुंचते हैं.

यह अभियान अगले सप्ताह से शुरू किए जाने की तैयारी

डॉ. बडोला ने कहा कि वन्यजीव संरक्षण के लिहाज से यह जानकारी बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि कॉर्बेट के संरक्षित क्षेत्र के बाहर भी जिन इलाकों में इन पक्षियों की आवाजाही रहती है, वहां उनके संरक्षण के लिए जरूरी कदम उठाए जा सकेंगे. इस अभियान में कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की टीम के साथ WWF इंडिया के रैप्टर विशेषज्ञ पक्षियों को पकड़ने वाले प्रशिक्षित विशेषज्ञ और सर्वे टीम शामिल होगी. यह अभियान अगले सप्ताह से शुरू किए जाने की तैयारी है.