गुजरात के सूरत जिले में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक ही परिवार के छह सदस्यों को नहर में फेंक दिया गया. इस वारदात में पतिपत्नी और एक बेटी की मौत हो गई, जबकि परिवार के दो बच्चे अब भी लापता हैं. वहीं, एक बच्चे की जान बच गई है. पुलिस ने इस मामले में चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है और आरोपियों की तलाश के लिए आठ टीमें बनाई हैं.

यह मामला सूरत जिले के बारडोली तालुका के उवा गांव के पास का है. परिवार मूल रूप से महाराष्ट्र के जलगांव जिले के एरंडोल तालुका का रहने वाला था. बताया जा रहा है कि परिवार के सदस्य एक फैक्ट्री में मजदूरी करते थे. वे काम के सिलसिले में कार से सूरत के लिए निकले थे.
परिवार की गाड़ी जब उवा गांव के पास नहर के करीब पहुंची, तभी दूसरी कार में सवार चार लोगों ने उसे रोक लिया. आरोप है कि इसके बाद हमलावरों ने परिवार के सभी छह सदस्यों को गाड़ी से उतारा और जबरन नहर के गहरे पानी में फेंक दिया. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए.
पाइप पकड़कर बचाई जान
नहर में फेंके जाने के दौरान परिवार के 13 वर्षीय बेटे के हाथ एक पाइप लग गया. उसने पाइप पकड़कर किसी तरह अपनी जान बचाई और नहर से बाहर निकल आया. इसके बाद वह पास के एक होटल पहुंचा और वहां मौजूद लोगों को पूरी घटना बताई. उसकी जानकारी के बाद पुलिस को मामले का पता चला और नहर में तलाशी अभियान शुरू किया गया.
पतिपत्नी और बेटी के शव बरामद
पुलिस और बचाव टीमों ने महुवा तालुका के डुंगरी इलाके के पास उकाईकाकरापार लेफ्ट बैंक नहर से तीन शव बरामद किए. मृतकों की पहचान नितिन उर्फ भूरिया पाटिल और कविता पाटिल के रूप में हुई है. तीसरा शव उनकी बेटी का बताया गया है. परिवार के दो बच्चे प्रथमेश पाटिल और हरीश संजय पाटिल अब भी लापता हैं. उनकी तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है.
चार आरोपियों के खिलाफ केस, आठ टीमें गठित
इस मामले में खंडियो, आभो, बंटी और एक अज्ञात व्यक्ति समेत चार लोगों के खिलाफ बारडोली ग्रामीण पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी और लापता बच्चों की तलाश के लिए आठ टीमें बनाई हैं. परिवार को निशाना बनाने के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है. पुलिस इस पहलू पर भी जांच कर रही है. जलगांव पुलिस भी सूरत ग्रामीण पुलिस के संपर्क में है. फिलहाल, आरोपियों की तलाश और नहर में सर्च ऑपरेशन जारी है.



