राजस्थान के कोटा स्थित जेके लोन अस्पताल में गर्भवतियों की मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. गुरुवार देर रात एक और गर्भवती महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई. मध्य प्रदेश के श्योपुर से बेहद गंभीर हालत में उसे कोटा रेफर किया गया था. डॉक्टरों की टीम ने करीब 7 घंटे तक उसे बचाने की कोशिश की. इस दौरान 6 यूनिट ब्लड भी चढ़ाया गया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद महिला की जान नहीं बचाई जा सकी. इसके साथ ही पिछले 35 दिनों में अस्पताल में दम तोड़ने वाले मरीजों की संख्या 8 हो गई है.

मृतका की पहचान आरती के रूप में हुई है. उसे श्योपुर जिला अस्पताल से गंभीर अवस्था में कोटा के जेके लोन अस्पताल भेजा गया था. यहां पहुंचने पर उसकी हालत बेहद नाजुक थी. डॉक्टरों के मुताबिक, महिला शॉक की स्थिति में थी. उसका ब्लड प्रेशर और पल्स तक रिकॉर्ड नहीं हो पा रहे थे.
जांच के दौरान पता चला कि गर्भ में ही बच्चे की मौत हो चुकी थी. इसके बाद डॉक्टरों ने पहले सामान्य प्रसव के जरिए मृत शिशु को बाहर निकालने की कोशिश की. इसी बीच महिला की हालत और बिगड़ गई. मेडिकल टीम ने तत्काल सीपीआर देकर उसे संभालने का प्रयास किया. कुछ देर बाद उसकी सांसें और स्थिति नियंत्रित होने पर उसे वेंटिलेटर पर रखा गया.
6 यूनिट खून चढ़ाया, 8 यूनिट का अतिरिक्त इंतजाम
महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए अस्पताल के विशेषज्ञ डॉक्टरों को इलाज में लगाया गया. यूनिट हेड डॉ. ममता शर्मा के निर्देशन में चिकित्सकों की टीम ने उपचार शुरू किया. मेडिसिन, नेफ्रोलॉजी और एनेस्थीसिया विभाग के वरिष्ठ डॉक्टरों को भी बुलाया गया.
डॉक्टरों के मुताबिक, महिला के शरीर में खून की काफी कमी थी. इसकी भरपाई के लिए उसे 6 यूनिट ब्लड चढ़ाया गया. इसके अलावा ऑपरेशन की जरूरत पड़ने की आशंका को देखते हुए 8 यूनिट अतिरिक्त खून का इंतजाम भी किया गया था.
डॉक्टरों ने सीसेक्शन के जरिए मृत बच्चे को बाहर निकालने की तैयारी भी शुरू कर दी थी. हालांकि, महिला के शरीर के कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया. मल्टी ऑर्गन फेलियर की स्थिति बनने के बाद गुरुवार रात 10:15 बजे उसने दम तोड़ दिया.
पहले से थीं तीन बेटियां, चौथी बार बनने वाली थी मां
अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, आरती की यह चौथी डिलीवरी थी. उसकी तीन बेटियां हैं. महिला की मौत के बाद अस्पताल प्रबंधन ने शव पुलिस को सौंप दिया. बाद में परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए शव अपने साथ ले गए. परिजनों ने अस्पताल में हुए इलाज पर संतुष्टि जताई है.
जेके लोन अस्पताल और मेडिकल कॉलेज के नए अस्पताल में पिछले 35 दिनों के भीतर यह आठवीं मौत है. इससे पहले सात प्रसूताएं दम तोड़ चुकी हैं. इनमें ज्यादातर महिलाएं बारां और आसपास के जिलों से गंभीर हालत में रेफर होकर कोटा पहुंची थीं.
लगातार हो रही इन मौतों ने अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं और प्रसूताओं को समय पर बेहतर इलाज उपलब्ध कराने को लेकर चिंता बढ़ा दी है. ताजा मामले में भी महिला को बचाने के लिए कई विभागों के डॉक्टरों ने प्रयास किए, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी.



