UP News: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां मातापिता की डांट के डर से दो सगे भाई 700 किलोमीटर दूर जौनपुर निकल पड़े. दोनों साइकिल से जौनपुर के लिए निकले. दोनों भाइयों का नाम अभिनव और अक्षत है. अभिनव 13 साल का है, जबकि अक्षत सात साल का है. दोनों भाइयों ने ट्यूशन जाने का बहाना बनाया और साइकिल से जौनपुर के लिए चल पड़े.

अभिनव कक्षा छह तो अक्षत क्लास तीन में पढ़ता है. दोनों बच्चे अलीगढ़ के क्वार्सी थाना क्षेत्र में रहने वाले इंजीनियर अभिषेक मिश्रा और खुशबू मिश्रा के बेटे हैं. बच्चों को हाथरस जिले की सिकंदराराऊ कोतवाली पुलिस ने बचाया है. पुलिस ने दोनों बच्चों को सुरक्षित उनके मांबाप के सुपुर्द कर दिया है. जानकारी के अनुसार, साइकिल से निकले अभिनव और अक्षत जौनपुर में अपने दादादादी के घर पहुंचने की ठानकर निकले थे.
मां ने लगाई थी डांट
शनिवार को दोनों के स्कूल से घर लौटने के बाद घर में रखे कुछ रुपये नहीं मिले. मां ने उन रुपयों से कार खरीदने की बात कही और दोनों को डांट लगा दी. बच्चों को डर था कि शाम को पापा घर आएंगे तो फिर डांट पड़ेगी. इसी डर में दोनों दोपहर करीब तीन बजे ट्यूशन जाने का बहाना करके साइकिल से जौनपुर की ओर चल दिए. दोनों मासूम हाईवे पर साइकिल चला रहे थे और आगे जा रहे थे.
पुलिस ने बचाया
इसी दौरान एक सतर्क ट्रक चालक ने दोनों को हाईवे पर देखा. ट्रक चालक ने तुरंत इसकी सूचना सिकंदराराऊ पुलिस को दी. इसके बाद पुलिस ने कासगंज रोड स्थित सरदला पुल के पास फ्लाईओवर से दोनों बच्चों को सकुशल बचा लिया. पुलिस ने बच्चों को चायनाश्ता कराया और परिजनों को सूचना देकर उन्हें सुरक्षित रखा.
रात करीब साढ़े नौ बजे पिता सिकंदराराऊ कोतवाली पहुंचे और दोनों बेटों को अपने साथ अलीगढ़ ले गए. ट्रक चालक की सतर्कता और पुलिस की तत्परता से दोनों मासूमों को को सुरक्षित उनके मातापिता के पास पहुंचा दिया गया. मातापिता ने भी राहत की सांस ली.



