देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू को लेकर फिर एक बहस शुरू हो गई है. अभी 31 अक्टूबर को जब देश के पहले गृह मंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल का जन्मदिन था, तब से यह बहस जोरशोर से वायरल हो रही है. लोगों का आरोप है कि पंडित नेहरू ने सरदार पटेल के साथ सदैव उपेक्षा बरती. जबकि सरदार का योगदान नेहरू से कहीं अधिक है.

साल 1946 में कांग्रेस के अध्यक्ष पद के लिए 15 में से 12 प्रदेश कांग्रेस कमेटियों ने सरदार पटेल को समर्थन दिया था, शेष तीन में से दो ने आचार्य जेबी कृपलानी और एक ने पट्टाभि सीतारमैया का नाम प्रस्तावित किया था. जबकि किसी भी कमेटी ने नेहरू के नाम का प्रस्ताव नहीं किया था. चूंकि आजादी मिलने की घड़ी आ पहुंची थी और कांग्रेस का अध्यक्ष ही अंतरिम सरकार की अगुआई करता इसलिए उस समय अध्यक्ष का पद बहुत अहम था.
गांधी जी के दोस्त थे सरदार पटेल
लेकिन नेहरू को अध्यक्ष बनाने की इच्छा गांधी जी की थी और वह कई बार यह बात कह चुके थे. इसीलिए उन्होंने उस समय के कांग्रेस अध्यक्ष मौलाना आजाद को पद से इस्तीफा देने को कहा था. यूं गांधी से पटेल के बहुत अच्छे संबंध थे. दोनों की उम्र में कोई खास फर्क भी नहीं था. गांधी जी सरदार पटेल से छह साल बड़े थे. यह कोई बहुत बड़ा फर्क नहीं था. सरदार तब 71 साल के हो चुके थे और नेहरू उनकी तुलना में काफी युवा. नेहरू तब 56 साल के थे.
हालांकि नेहरू और पटेल दोनों ही अंग्रेजी में पारंगत थे. सरदार पटेल भी जिन्ना, गांधी जी और नेहरू की तरह लंदन के लॉ कॉलेज मिडल टेंपल से पासआउट थे. और वे मुंबई के टॉप के वकीलों में से एक थे. किंतु गांधी जी जब साउथ अफ्रीका से लौटे तो सरदार पटेल गांधी के रंग में पूरी तरह रंग गए. बैरिस्टरी छोड़ दी और गांधी मार्ग पर आ गए.
नेहरू को PM पद पर देखना चाहते थे गांधी
फिर भी गांधी जी नेहरू को ही देश का प्रधानमंत्री बनाना चाहते थे, उसके कई कारण थे. एक तो नेहरू अपेक्षाकृत युवा थे और अंतरराष्ट्रीय ख्याति उनकी कहीं अधिक थी. शायद इसीलिए उन्होंने 20 अप्रैल 1946 को मौलाना आजाद को पत्र लिख कर कहा कि वे एक बयान जारी करें कि वे अब अध्यक्ष पद नहीं संभालना चाहते. कलेक्टेड वर्क्स खंड 90 पेज 315 में स्पष्ट लिखा है, कि गांधी जी साफसाफ कह चुके थे कि उनकी राय में जवाहर लाल नेहरू इस पद के लिए उपयुक्त हैं.
बाद में 29 अप्रैल 1946 को कांग्रेस कार्यसमिति की मीटिंग में PCC की पर्चियां खुलीं. तत्कालीन AICC सचिव जेबी कृपलानी ने पर्चियां गांधी जी को पकड़ाईं और फिर गांधी जी ने कृपलानी की तरफ देखा. वे समझ गए और एक नया प्रस्ताव तैयार किया गया तथा सभी ने उस पर दस्तखत कर दिए. नेहरू का रास्ता साफ था.
युवा और ऊर्जावान नेतृत्व की जरूरत थी
किंतु यह उस समय की मांग थी. नएनए आजाद हुए देश में एक ऐसा नेतृत्व चाहिए थे, जो युवा और ऊर्जावान हो. अंतरराष्ट्रीय बिरादरी में भारत की पहचान स्थापित करे और पिछले 200 सालों से ब्रिटेन के उपनिवेश रहे भारत को एक नई शक्ल दे. निश्चित तौर पर सरदार पटेल के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता और देश भूला भी नहीं. लेकिन हर समय नेहरू पर आरोप लगाना कि नेहरू ने सरदार पटेल की उपेक्षा की, सरासर गलत है.
सच तो यह है कि देश में जैसेजैसे असहिष्णुता बढ़ती जा रही है, वैसेवैसे नेहरू की उपादेयता तथा उनकी यादें और अपरिहार्य बनती जा रही हैं. नेहरू ऐसे में एक मिसाल बन गए हैं जिन्होंने जहालत और असहिष्णुता के उस दौर में भी अपना धीरज और विवेक नहीं खोया, जब पूरे देश में मारकाट मची थी और बंटवारे की आग से समूचा हिंदुस्तान सुलग रहा था.
बटा और कटा हुआ देश मिला
एक तरफ पंजाब था और दूसरी तरफ बंगाल. दोनों ओर से हजारों की तादाद में शरणार्थी रोज आते और अपने साथ लाते बर्बरता तथा दुखों की दास्तान. जिन्हें सुनकर लगता था कि आदमी अपने अंदर की मनुष्यता को खो चुका है और वह हैवान बन गया है. पाकिस्तान के हुक्मरानों ने इस बर्बरता और जहालत के विरुद्ध कोई ठोस कदम नहीं उठाया था और नतीजे में हिंदुस्तान आए शरणार्थी चाहते थे कि उन्हें भी पाकिस्तान जैसी खूंरेजी करने की इजाजत दी जाए.
लेकिन नेहरू अडिग रहे और सरदार पटेल के विपरीत नेहरू ने कभी भी संयम नहीं खोया. जबकि नेहरू को निजी तौर पर भी पंजाब के बंटने से दुख हुआ था. किंतु नेहरू के विरुद्ध आजकल ऐसा प्रचार अभियान चल रहा है, कि लगता है सारी समस्याओं की जड़ में नेहरू हैं. उनके कामकाज और उनकी शख्सियत को नष्ट करने के लिए नफरत के बीज बोये जा रहे हैं.
नेहरू के बारे में सफेद झूठ का प्रचार
उन्हें बंटवारे का कारक बताया जा रहा है और सेकुलरिज्म की आड़ में उन्हें हिंदू धर्म और हिंदू समुदाय का शत्रु तथा उन्हें प्रच्छन्न मुस्लिम प्रचारित किया जा रहा है. जिस तरह सफेद झूठ भी बारबार बोले जाने से सच मान लिया जाता है, वैसे ही नेहरू के बारे में प्रचारित किया जाने वाला झूठ भी बहुत से लोग सच मानने लगे हैं. कुछ साल पहले पद्म पुरस्कार लेते समय अभिनेत्री कंगना रनौत ने बहुत ही फूहड़ तरीके से आजादी को भीख बता दिया था और कहा था, कि असली आजादी तो 2014 में मिली. यह समूचे इतिहास को झूठ बताने की साजिश है. कंगना के इस बयान पर हमले तो खूब हुई लेकिन जो बात देश के आम लोगों में घुस गई है, उसे कैसे निकाला जाएगा!
आधुनिक राष्ट्रराज्य के हामी नेहरू
नेहरू आधुनिक राष्ट्रराज्य के हामी थे और लंदन में शिक्षा के दौरान वे यूरोप की खुली संस्कृति और सोशलिस्ट इंटरनेशनल के भी संपर्क में रहे थे. अर्थव्यवस्था के बारे में उनके विचार आधुनिक और पुरातन विरोधी थे. वे भले कम्युनिस्टों से पूरी तरह सहमत नहीं रहे हों पर हीगेल के द्वंदात्मक भौतिकवाद के वे हामी थे. भारतीय मिथकों तथा प्रतीकों के प्रति उनका नजरिया आधुनिक तो था ही साथ में परंपरागत रूप से वे द्वंदात्मक दर्शन को भी पसंद करते थे.
शायद यही कारण रहा कि जब देश आजाद हुआ तो यही द्वंदात्मक दर्शन के प्रति उनका झुकाव उन्हें भारत के परंपरागत बौद्ध दर्शन की तरफ ले गया. मगर अर्थव्यवस्था वे ऐसी चाहते थे जो बौद्ध काल से नहीं बल्कि पूरी तरह आधुनिक समाजवादी हो. नेहरू के वैचारिक खुलेपन और उनकी सहिष्णु सोच की वजह भी यही थी.
आधुनिकता के साथ भारतीयता भी
इसीलिए नेहरू, गांधी के बाद देश के सबसे बड़े और उदार तथा असहिष्णुता से दूर रहने वाले राजनेता थे. नेहरू के अंदर जो आधुनिक सोच के साथसाथ अध्यात्म दिखता है वह गांधी जी की वजह से उनमें आया. नेहरू भले लंदनिया कामरेड रहे हों पर भारत को समझने के लिए यह शिक्षा नाकाफी थे और तब काम आए महात्मा गांधी जिन्होंने नेहरू को भारतीय कायदों की शिक्षा दी. अहिंसा का वह मूलमंत्र दिया जो समस्त भारतीय समाज को एकता के सूत्र में बांधता था. यही आगे चलकर नेहरू जी के जीवन का दर्शन भी बन गया.
कांग्रेस में नेहरू के विरोधी सदैव रहे
जवाहर लाल नेहरू का नेतृत्व कांग्रेस में सर्वमान्य नहीं था. उस समय दक्षिणपंथी अनुदारवादी कांग्रेस में बहुत थे, असंख्य पार्टी जन उनके विरोधी थे. इसीलिए नेहरू के मामले में गांधी जी को सदैव एक तानाशाह का रोल अदा करना पड़ा. कई बार वे नेहरू के हितों के लिए अड़े और अंततः वे नेहरू को उस कुर्सी तक पहुंचाने में कामयाब रहे जहां पहुंचना नेहरू जी की महत्वाकांक्षा थी.
इसकी वजह यह नहीं थी कि गांधी जी ने नेहरू को अन्य लोगों के मुकाबले आगे बढ़ाकर कोई अनुचित कदम उठाया. दरअसल जैसा कि गांधी जी स्वयं कहा करते थे कि मैं कांग्रेस का अकेला डिक्टेटर हूं, वे जानते थे कि नेहरू अकेले ऐसे शख्स हैं जो आजाद भारत को अक्षुण्ण बनाए रखेंगे. इसकी वजह था नेहरू का मानवीय हृदय और उनका सेकुलरिज्म.
गांधी जी को किस बात की थी आशंका
गांधी जी के मन में कहीं न कहीं यह आशंका थी कि सरदार पटेल शायद भारत को पीछे की तरफ ले जाते और नेताजी सुभाष चंद्र बोस के नेतृत्व में भारत एक तानाशाह मुल्क के रूप में पनपता. जवाहर लाल नेहरू का अपना कोई दर्शन और स्पष्ट राजनीतिक चिंतन नहीं था. वे एक ऐसे सभ्य यूरोपियन संस्कारों से लैस थे जिनके अंदर मानवीयता थी और प्रचंड राष्ट्रभक्ति भी. एक उदारता और विवेकशीलता.
शायद यही वजह थी कि नेहरू जी ने देश के लिए जो विकास माडल चुना उसके केंद्र में कोई व्यापारी या पूंजीपति नहीं वरन् आम नागरिक थे. नेहरू आधुनिक भारत के राष्ट्र निर्माता थे. आज नेहरू को खारिज नहीं किया जा सकता. भले ही असहिष्णु तत्त्व नेहरू के दर्शन को अनुपयुक्त बताएं और अपनी गर्मजोशी के चलते उनसे दूरी बरतें मगर नेहरू का महत्व कभी घटेगा नहीं.



