Royal Enfield ने अपनी लोकप्रिय Shotgun 650 का एक बेहद खास लिमिटेड एडिशन पेश किया है. यह मॉडल मशहूर कस्टम बाइक निर्माता Rough Crafts के साथ मिलकर तैयार किया गया है. पूरी दुनिया में इस स्पेशल एडिशन की सिर्फ 100 यूनिट बनाई जाएंगी, जिनमें से 25 यूनिट भारतीय ग्राहकों के लिए रखी गई हैं. इसकी एक्सशोरूम कीमत 5.75 लाख रुपये तय की गई है.

कब और कैसे कर सकते हैं रजिस्ट्रेशन?

अगर आप इस एक्सक्लूसिव को खरीदना चाहते हैं, तो 30 जुलाई 2026 की शाम 7 बजे तक Royal Enfield की आधिकारिक वेबसाइट या मोबाइल ऐप के जरिए रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं. रजिस्ट्रेशन के बाद बिक्री भी उसी दिन शुरू होगी. सीमित यूनिट होने की वजह से बाइक का आवंटन पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा. ये खबर आप हिमाचली खबर में पढ़ रहे है।

लुक और डिजाइन बनाते हैं इसे खास

इस स्पेशल एडिशन को आम से अलग पहचान देने के लिए कई कॉस्मेटिक बदलाव किए गए हैं. बाइक में ग्लॉस जेट ब्लैक और मैट स्टील्थ ब्लैक पेंट स्कीम दी गई है. इसके साथ गोल्डन स्ट्राइप्स, गोल्ड फिनिश फ्रंट फोर्क, प्रीमियम क्विल्टेड लेदर सीट और कई खास डिजाइन एलिमेंट इसे बेहद आकर्षक बनाते हैं. यही वजह है कि यह सिर्फ एक बाइक नहीं, बल्कि कलेक्शन में रखने लायक मॉडल भी मानी जा रही है.

EICMA शो के बाद बढ़ी चर्चा

इस खास एडिशन को पहली बार EICMA 2025 मोटरसाइकिल शो में पेश किया गया था.तभी से बाइक प्रेमियों के बीच इसे लेकर उत्साह बना हुआ था. Rough Crafts के संस्थापक विंस्टन येह ने इसके डिजाइन पर काम किया है. हर बाइक के फ्यूल टैंक पर अलग नंबर दिया जाएगा और एक खास ब्रास बैज भी लगाया जाएगा, जिससे इसकी पहचान और खास बनती है.

खरीदारों को मिलेगा खास गिफ्ट

इस लिमिटेड एडिशन के साथ ग्राहकों को Rough Crafts के संस्थापक के सिग्नेचर वाला एक विशेष आर्टवर्क भी दिया जाएगा. इससे यह मॉडल कलेक्टरों और Royal Enfield के प्रशंसकों के लिए और ज्यादा खास बन जाता है.

अगर आप यूनिक डिजाइन और लिमिटेड एडिशन मोटरसाइकिलों के शौकीन हैं, तो Shotgun 650 का यह खास मॉडल आपके लिए शानदार विकल्प साबित हो सकता है. सीमित संख्या में उपलब्ध होने के कारण इसे खरीदने के लिए समय रहते रजिस्ट्रेशन करना जरूरी होगा.