समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान की जेल से रिहाई के बाद भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत ने प्रतिक्रिया दी है. इस दौरान उन्होंने सपा नेता के खिलाफ हुई कार्रवाई पर सवाल उठाए, साथ ही आजम खान के बहाने बिना नाम लिए AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी पर निशाना साधा. टिकैत का कहना है कि आजम खान को जेल में डाल दिया गया क्योंकि वह मुसलमान हैं.

किसान नेता राकेश टिकैत ने दिल्ली में IANS न्यूज एजेंसी से बातचीत में गुरुवार को आजम खान की जेल से रिहाई पर कहा कि सरकार ने कितने मामलों में कार्रवाई की है, उससे बड़े बड़े क्राइम के लोग खुले धूम रहे हैं. ये आजम खान को जेल में बंद कर देते हैं, लेकिन हैदराबाद वाले को तो कुछ नहीं किया… टिकैत का इशारा इनडायरेक्टली हैदराबाद सांसद असदुद्दीन ओवैसी पर था.

इन्होंने हैदराबाद वाले को तो कुछ नहीं किया

भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत ने कहा कि, ‘उन्होंने आजम खान को जेल में डाल दिया क्योंकि वह एक मुसलमान है. ये दिखाना चाहते हैं कि हम मुसलमानों को कैप्चॉर करेंगे.’ उन्होंने इसी दौरान आगे हैदराबाद से सांसद और AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी का भी जिक्र किया और कहा कि ‘लेकिन इन्होंने हैदराबाद वाले को तो कुछ नहीं किया.’

राकेश टिकैत ने कहा, ‘हैदराबाद का एक व्यक्ति यहां आकर लगातार बेतुके बयान देता रहता है, लेकिन उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई’. टिकैत से जब संवाददाताओं ने हैदराबाद वाले नेता का नाम पूछा गया तो उन्होंने कहा, ‘मुझे नहीं पता, भाई, हम उस व्यक्ति का नाम नहीं जानते हैं, ठीक से याद नहीं रहता है.’

आजम खान की जमानत पर आज SC में सुनवाई

आजम खान को 17 नवंबर को हाईकोर्ट ने मनी लॉंन्ड्रिंग मामले में जमानत दे दी थी. इसके बाद वह 18 नवंबर को गाजियाबाद के डासना जेल से रिहा हो गए. साथ ही कोर्ट में मामले में ईडी को फटकार लगाया और जवाब दाखिल करने का समय दिया है. इस मामले की अगली सुनवाई 10 दिसंबर को होगी. वहीं, ईडी ने इस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौति दी है, जिसपर आज सुनवाई हो सकती है.