उज्जैन में बाबा महाकाल की शाही सवारी में करीब नौ साल तक भगवान के सारथी बनकर चलने वाले श्यामू हाथी को बेहतर इलाज के लिए गुजरात के जामनगर स्थित वनतारा भेज दिया गया है. लंबे समय से टीबी और पैरों के टेढ़ेपन की गंभीर समस्या से जूझ रहे श्यामू का अब जामनगर के विश्वस्तरीय पशु चिकित्सा केंद्र में विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उपचार होगा.

बताया जाता है कि वनतारा की 15 सदस्यीय टीम दो विशेष वाहनों के साथ उज्जैन पहुंची थी. उज्जैन वन विभाग और वनतारा के पशु चिकित्सकों व महावतों की मौजूदगी में श्यामू को सुरक्षित रूप से जामनगर के लिए रवाना किया गया. नए माहौल में श्यामू को अकेलापन महसूस न हो और उसकी देखभाल सही ढंग से हो सके, इसके लिए उसके परिवार के दो सदस्य हरिनारायण और शिवनारायण भी साथ गए हैं.
स्थानीय इलाज से नहीं मिल रहा था आराम
इंदौर रोड स्थित साईंनाथ कॉलोनी में अपने मालिक सरमन गिरि के साथ रहने वाले श्यामू की सेहत पिछले कुछ समय से लगातार बिगड़ रही थी. उज्जैन वन विभाग के डीएफओ अनुराग तिवारी ने बताया कि श्यामू टीबी से पीड़ित होने के साथसाथ पैरों के टेढ़ेपन की समस्या से जूझ रहा था. स्थानीय स्तर पर इलाज के बावजूद अपेक्षित सुधार नहीं होने के कारण उसे वनतारा भेजने का निर्णय लिया गया.
उल्लेखनीय है कि करीब 5 महीने पहले भी इंदौर चिड़ियाघर के प्रभारी उत्तम यादव, पशु चिकित्सक डॉ. मुकेश जैन और पन्ना टाइगर रिजर्व के डॉ. संजय गुप्ता की टीम सैंपल लेने पहुंची थी, लेकिन तब मालिक के परिवार ने विरोध कर दिया था. हालांकि, बाद में हाथी की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए मालिक ने स्वेच्छा से उसे दान करने का लिखित आवेदन दिया. इसके बाद भोपाल से ट्रांसपोर्ट परमिट जारी होते ही यह प्रक्रिया पूरी की गई.
मालिक को मिलेगा दूसरा हाथी, महावतों को नौकरी
सूत्रों के अनुसार, इस सहमति के तहत वनतारा प्रबंधन की ओर से श्यामू के मालिक को दूसरा हाथी उपलब्ध कराया जाएगा. वहीं, श्यामू की सेवा के लिए जामनगर गए हरिनारायण और शिवनारायण को वनतारा में ही नौकरी दी गई है. उन्हें 30 से 40 हजार रुपये मासिक वेतन के साथसाथ रहने की निःशुल्क सुविधा भी प्रदान की गई है.
नौ साल तक निभाई बाबा महाकाल की सेवा
श्यामू के मालिक ने भावुक होते हुए बताया कि वर्ष 2006 में रामू हाथी के साथ बाबा महाकाल की सेवा का सिलसिला शुरू हुआ था. 2016 के बाद श्यामू ने यह जिम्मेदारी संभाली और 2025 तक लगातार महाकाल की सवारी की शोभा बढ़ाई.



