हरियाणा के फरीदाबाद में ओयो होटल से दिल्ली यूनिवर्सिटी की छात्रा की लाश मिलने के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है. पुलिस ने कमरे से एक कंफेशन नोट बरामद किया है. ये नोट छात्रा के साथ होटल में रुके उसके प्रेमी विपिन यादव का है. इसमें उसने लिखा है कि उसी ने लड़की की हत्या की है. दरअसल, फरीदाबाद में कुरैशीपुर गांव की गांधी कॉलोनी से बीटेक की छात्रा सोमवार को लापता हुई थी और मंगलवार दोपहर सेक्टर37 के होटल के कमरे से उसका शव बरामद हुआ.

अरुणा नाम की यह छात्रा विपिन यादव नाम के एक युवक के साथ वहां ठहरी थी. विपिन यादव मौके से फरार है. पुलिस को कमरे से मिले कंफेशन नोट पर विपिन यादव के हस्ताक्षर मिले हैं. उसमें लिखा है कि मैंने युवती की हत्या कर दी है, अब मैं भी आगरा नहर में कूदकर जान देने जा रहा हूं. पुलिस ने कंफेशन नोट की जांच शुरू कर दी है. विपिन यादव की भी तलाश की जा रही है.
परिजनों के अनुसार, अरुणा दिल्ली विश्वविद्यालय के कालिंदी कॉलेज में बीटेक द्वितीय वर्ष की छात्रा थी. सोमवार सुबह वह कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी. दोपहर तीन बजे तक परिवार वालों से उसकी फोन पर बात हो रही थी. इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया.
शाम तक जब वह वापस नहीं लौटी तो स्वजन ने धौज थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी. मंगलवार दोपहर गेस्टहाउस के कर्मचारियों ने कमरे का दरवाजा खटखटाया, मगर अंदर से प्रतिक्रिया न मिलने पर पुलिस को सूचित किया.
सराय ख्वाजा थाना पुलिस ने अंदर से युवती का शव बरामद किया, जिसकी पहचान अरुणा के रूप में हुई. उसके मुंह से झाग निकल रहे थे. बेड पर चूहे मारने की दवा पड़ी थी. अनुमान है कि यही दवा युवती को पिलाई गई.
विपिन यादव कुरैशीपुर में युवती के पड़ोस में रहता है. उसका उनके घर आनाजाना था. गेस्टहाउस के सीसीटीवी कैमरे में सोमवार शाम को वह कमरे का दरवाजा बाहर से लॉक करके जाता दिखाई दिया है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.



