लोकसभा सीटों के परिसीमन यानी डीलिमिटेशन को लेकर एनसीपी की सांसद सुप्रिया सुले ने अब समर्थन के लिए देशहित को आधार बताया है. मुंबई में दिए ताजा बयान में उन्होंने कहा कि डीलिमिटेशन बिल जब संसद में आएगा, तब उसके प्रावधानों पर चर्चा की जाएगी. अगर बिल देश के हित में होगा तो उनकी पार्टी उसका समर्थन करेगी.

सुप्रिया सुले का यह बयान उनके पहले के रुख से अलग नजर आता है. इससे पहले उन्होंने डीलिमिटेशन बिल संसद में पेश किए जाने से पहले सभी राजनीतिक दलों के साथ बातचीत करने की जरूरत बताई थी. उनकी प्रमुख मांग थी कि लोकसभा की सीटों में सभी राज्यों के लिए 50 फीसदी की समान बढ़ोतरी की जाए, ताकि परिसीमन की प्रक्रिया में किसी राज्य के साथ भेदभाव न हो.
अमित शाह के साथ हुई थी बैठक
अपनी पिछली प्रेस कॉन्फ्रेंस में सुले ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ हुई बैठक का भी जिक्र किया था. उन्होंने बताया था कि बिल संसद में पेश होने से पहले अमित शाह ने उन्हें और समाजवादी पार्टी के नेताओं को बातचीत के लिए बुलाया था.
उस दौरान उन्हें भरोसा दिलाया गया था कि दक्षिण भारत के राज्यों के हितों पर कोई असर नहीं पड़ेगा. इसके लिए उत्तर भारत की तरह दक्षिण भारत समेत सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या 50 फीसदी बढ़ाने की बात कही गई थी. सुले के मुताबिक, इसी आश्वासन के बाद बिल पेश किए जाने की बात हुई थी.
देशहित में समर्थन का एलान
हालांकि, सुले ने दावा किया था कि जब डीलिमिटेशन बिल का ड्राफ्ट उनके सामने आया तो उसमें बैठक के दौरान बताए गए प्रावधान मौजूद नहीं थे. इसके बाद विपक्ष ने लोकसभा में बिल का विरोध किया और मतदान में उसे पारित नहीं होने दिया.
अब सुप्रिया सुले ने कहा है कि बिल संसद में आने के बाद उसके स्वरूप पर चर्चा होगी और देशहित में होने पर समर्थन किया जाएगा. सुप्रिया सुले के बयान से महाविकासअघाड़ी खुश नहीं है. उद्धव गुट के नेता संजय राउत ने कहा कि अगर कोई केंद्र के परिसीमन बिल का समर्थन करता है तो उसे इंडी गठबंधन से बाहर चले जाना चाहिए. कांग्रेस ने भी संजय राउत के इस बयान का समर्थन किया है.



