जापान के साथ भारत का रक्षा सहयोग एक नई रणनीतिक ऊंचाई पर पहुंचने जा रहा है. भारत जापान को अपनी मिसाइल टेस्टिंग सुविधाओं तक पहुंच देने की तैयारी कर रहा है. इसके तहत जापान को ओडिशा के चांदीपुर स्थित DRDO की इंटीग्रेटेड टेस्ट रेंज के अलावा पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश में बनने वाली दो नई अत्याधुनिक मिसाइल टेस्टिंग सुविधाओं तक पहुंच देने पर विचार किया जा रहा है.

सरकारी सूत्रों के मुताबिक, भारत जापान को इन तीनों टेस्टिंग सुविधाओं का इस्तेमाल अपने मिसाइल कार्यक्रम के लिए करने की अनुमति दे सकता है. जापान यहां अपनी मिसाइलों और छोटे अटैक ड्रोन का परीक्षण कर सकेगा. इसके साथ ही दोनों देशों के बीच तकनीकी जानकारी साझा करने और हाइपरसोनिक हथियारों समेत एडवांस मिसाइल कार्यक्रमों पर सहयोग की संभावनाएं भी तलाश की जा रही हैं.
युद्धपोत निर्माण में भी सहयोग की तैयारी
भारत और जापान के बीच युद्धपोत निर्माण के क्षेत्र में भी सहयोग पर चर्चा हो रही है. खास तौर पर आधुनिक युद्धपोतों के डिजाइन, तकनीकी जानकारी और निर्माण से जुड़े अनुभव साझा करने पर विचार किया जा रहा है. सूत्रों के मुताबिक भारत में जापान की मोगामी क्लास मल्टीमिशन स्टील्थ फ्रिगेट की डिजाइन और तकनीकी जानकारी साझा करने पर काम किया जा रहा है.
भारत ने जापान को अपने शिपयार्ड और रक्षा सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों के साथ सहयोग का प्रस्ताव दिया है. इसके तहत जापान के लिए भारत में रक्षा उपकरणों का निर्माण और भारत से दूसरे देशों को निर्यात करने की संभावनाएं भी शामिल हैं.भारत में उत्पादन लागत कम होने के कारण जापान के लिए यहां निर्माण करना फायदेमंद हो सकता है.
उदाहरण के तौर पर, भारतीय नौसेना के लिए यूनिकॉर्न बनाने के साथसाथ जापान की जरूरतों और उसके निर्यात के लिए भी उत्पादन करने पर चर्चा हो रही है.
अगली पीढ़ी की मिसाइल के परीक्षण की भी संभावना
जापान की अगली पीढ़ी की एंटीशिप मिसाइल Type25 के परीक्षण की भी संभावना है, जिसकी मारक क्षमता करीब 1,000 किलोमीटर बताई जा रही है. दोनों देश अब अपने रक्षा अधिकारियों के बीच समन्वय बढ़ाकर इस व्यवस्था को जल्द लागू करने की दिशा में काम करेंगे. जापान मिसाइल परीक्षण सुविधाओं के इस्तेमाल को लेकर ऑस्ट्रेलिया के साथ भी बातचीत कर रहा है.
जापान बदल रहा है अपनी सैन्य रणनीति
दूसरे विश्व युद्ध के बाद जापान की सैन्य नीति में यह सबसे बड़े बदलावों में से एक माना जा रहा है. जापान अब केवल रक्षात्मक सैन्य क्षमता तक सीमित नहीं रहना चाहता, बल्कि लंबी दूरी तक हमला करने वाली मिसाइलों, आधुनिक हथियारों और मजबूत रक्षा उद्योग पर जोर दे रहा है.
सूत्रों के मुताबिक, जापान की एक सैन्य टीम अक्टूबर में भारत आई थी. इस टीम ने करीब एक सप्ताह तक भारत की अलगअलग मिसाइल टेस्टिंग सुविधाओं का निरीक्षण किया और मिसाइलों के साथ छोटे अटैक ड्रोन के परीक्षण के लिए उपयुक्त जगहों का आकलन किया.
जापान के सामने अपने देश में लंबी दूरी की मिसाइलों के परीक्षण के लिए पर्याप्त सुरक्षित समुद्री क्षेत्र उपलब्ध कराने की चुनौती है. भारत का पूर्वी समुद्री तट, यहां मौजूद मिसाइल परीक्षण सुविधाएं और बंगाल की खाड़ी तक पहुंच जापान के लिए एक बेहतर विकल्प है.
हाइपरसोनिक तकनीक पर भी साथ आएंगे भारतजापान
भारत और जापान मिसाइल टेस्टिंग रेंज के अलावा उन्नत हथियार प्रणालियों और तकनीकी विशेषज्ञता साझा करने पर भी काम कर रहे हैं. खास तौर पर हाइपरसोनिक हथियारों के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाएं तलाश की जा रही हैं.
जापान एक बहुस्तरीय तटीय रक्षा प्रणाली विकसित करना चाहता है. इसमें बड़ी संख्या में कम लागत वाले मानवरहित ड्रोन, समुद्री ड्रोन और अंडरवॉटर ड्रोन शामिल होंगे, जिनका इस्तेमाल निगरानी और हमले के लिए किया जा सकेगा.
इसके साथ ही जापान अपनी स्टैंडऑफ मिसाइल क्षमता बढ़ा रहा है. ये मिसाइलें दुश्मन की मारक क्षमता के दायरे से बाहर रहकर हमला करने में सक्षम होती हैं.जापान चीन की बढ़ती सैन्य गतिविधियों और उत्तर कोरिया के तेजी से विकसित होते मिसाइल कार्यक्रम को देखते हुए अपनी सैन्य क्षमता मजबूत कर रहा है.



