कटिहार; बिहार में सड़क पर खुलेआम मर्डर हुआ है। कटिहार जिले में सड़क पर खूनी तांडव ने राज्य में कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिले के नगर थाना क्षेत्र में सोमवार को सिविल कोर्ट जा रहे एक अधिवक्ता की बदमाशों ने दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी। घटना पटेल चौक से आगे हरिगंज चौक के समीप सुबह दस बजे हुई। चार बदमाशों ने पहले अधिवक्ता की स्कूटी को रोककर उन पर हमला शुरू कर दिया। लात-घूसे, बेल्ट और चाकू से उनको पहले पीटा। इसके बाद जमीन पर नीचे गिराकर उनके सीने पर चढ़कर बदमाशों ने सिर में गोली मार दी। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने अधिवक्ता को पुलिस की मदद से उठाकर सदर अस्पताल पहुंचाया। डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक अधिवक्ता अजीमुद्दीन अंसारी उर्फ गुड्डू अंसारी (35 वर्ष) नगर थाना क्षेत्र के रोजितपुर के रहने वाले थे।

सूचना पर नगर थाने की पुलिस, एसडीपीओ, एसपी मौके पर पहुंचे। एसपी परिचय कुमार ने बताया कि बदमाशों ने सिर के पीछे एक गोली मारी है। घटना स्थल से एक खोखा बरामद हुआ है। बदमाश गोली मारकर पैदल आगे निकला और फिर बाइक से डीएस कॉलेज की ओर फरार हो गए। 24 घंटे के अंदर बदमाश सलाखों के पीछे होंगे। पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाला गया है। परिजनों के अनुसार मामला बहन के ससुराल पक्ष में रास्ते के विवाद को लेकर था। कुछ दिन पूर्व कोर्ट में अधिवक्ता और बदमाशों के बीच कहासुनी हुई थी।

गोली मारने वाले बदमाशों की पहचान हुई : आईजी
सूचना पर आईजी विवेकानंद भी कटिहार पहुंचे और घटना की जानकारी ली। आईजी ने घटनास्थल का जायजा लिया। कहा कि गोली मारने वाले बदमाशों की पहचान कर ली गई है। रात तक आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा। पूर्व के विवाद के कारण गोली मारने की बात कही जा रही है।