इंदौर : मध्य प्रदेश के इंदौर से एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है. यहां के गांधीनगर थाना क्षेत्र में रहने वाली एक महिला ने अपने ही पति की बेरहमी से हत्या कर दी. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद और मारपीट चल रही थी. वहीं, वारदात से पहले पति ने महिला और बच्चों को जान से मार देने की धमकी दी, जिसके बाद महिला ने पति का सिर सिलबट्टे से कुचल दिया.

पति-पत्नी के बीच अक्सर होते थे विवाद
ये सनसनीखेज वारदात इंदौर के गांधीनगर थाना क्षेत्र की है. यहां पर रहने वाली महिला सूरजा बाई द्वारा पति संतोष की सिलबट्टे से सिर कुचलकर हत्या कर दी गई. इस मामले की जानकारी देत हुए एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने कहा, ” प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि पति संतोष द्वारा रोजाना छोटी-छोटी बातों को लेकर पत्नी से विवाद किया जाता था. साथ ही मृतक संतोष शराब पीने का आदी था और जब भी वह घर आता था तो पत्नी और बच्चों के साथ मारपीट करता था. आरोपी महिला ने बताया कि मृतक संतोष से तकरीबन 22 साल पहले उसकी शादी हुई थी और दोनों की चार लड़कियां है, जिनमें से एक की शादी हो चुकी है और तीन उनके साथ रह रही हैं.”

पत्नी और बेटियों को दी थी जान से मारने की धमकी
एडिशनल डीसीपी ने बताया, ” महिला के मुताबिक पति संतोष द्वारा रोजाना छोटी-छोटी बातों को लेकर उससे मारपीट की जाती थी. वहीं घटना वाली रात पति संतोष ने पत्नी सूरजा बाई और तीनों बेटियों को जान से मारने की धमकी दी थी. साथ ही कहा था कि देर रात तुम सभी की हत्या कर दूंगा लेकिन पत्नी सूरजा बाई ने इससे पहले ही देर रात उसका साड़ी से गला दबया और फिर सिलबट्टे से सिर कुचलकर पति की हत्या कर दी.”

एडिशनल डीसीपी के मुताबिक, जब पड़ोसियों घर से आवाजें सुनाई दीं तो इसकी जानकारी पुलिस को दी. पुलिस मौके पर पहुंची और लाश को बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया. वहीं, पति की बेरहमी से हत्या करने वाली आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया है.