दिवाली के जश्न के बीच राजस्थान की राजधानी जयपुर में खूब हादसे हुए. इन हादसों में गंभीर रूप से जख्मी 112 मरीज अकेले सवाई मानसिंह अस्पताल में भर्ती कराए गए हैं. जबकि 20 मरीज जयपुरिया अस्पताल में भर्ती हैं. एसएमएस अस्पताल के बर्न एवं प्लास्टिक सर्जरी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. आरके जैन के मुताबिक अस्पताल की इमरजेंसी में आए 112 मामलों में 51 मरीज झुलसे हुए थे. वहीं शेष 61 मरीजों की आंखों में चोट आई थी.

इनमें से झुलसने से घायल दो मरीजों और आंखों में चोट लगने से घायल 11 मरीजों को अस्पताल में भर्ती किया गया. बाकी मरीजों को प्राथमिक उपचार देकर छुट्टी दी गई है. इसी प्रकार जयपुरिया अस्पताल के अधीक्षक डॉ. जीवराज राठौड़ भी झुलसने के 20 मामलों की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि झुलसे मरीजों के उपचार के लिए अस्पताल में अलग बर्न इकाई नहीं होने के कारण इन मरीजों को बाद में सवाई मानसिंह अस्पताल भेज दिया गया.
एसएमस में किया गया था विशेष इंतजाम
एसएमएस के अतिरिक्त अधीक्षक डॉ. प्रदीप शर्मा के मुताबिक दीपावली के त्योहार के दौरान छह से 11 नवंबर तक नियमित आपातकालीन सेवाओं के अतिरिक्त चिकित्सकों की विशेष व्यवस्था की गई है. इसके तहत नेत्र रोग, काननाकगला, न्यूरोसर्जरी, निश्चेतना और बर्न एवं प्लास्टिक शल्य चिकित्सा विभाग के चिकित्सकों को 24 घंटे की ड्यूटी लगाई गई है. इन विभागों के डॉक्टर सुबह आठ बजे से अपराह्न दो बजे तक, अपराह्न दो बजे से रात आठ बजे तक और रात आठ बजे से सुबह आठ बजे तक की पालीवार ड्यूटी कर रहे हैं.
डॉक्टरों का बनाया गया रोस्टर
प्रत्येक विभाग से एक सहायक आचार्य और एक रेजिडेंट डॉक्टर की तैनाती की गई है. डॉ. प्रदीप के मुताबिक सभी डॉक्टरों का मोबाइल नंबर सहित ड्यूटी रोस्टर भी तैयार किया गया है. यह पूरी व्यवस्था इमरजेंसी से इतर है. नियमित इमरजेंसी सेवा सर्जरी विभाग की व्यवस्था पहले की तरह जारी रहेगी. उन्होंने बताया कि पहले आंखों में चोट जैसे मामलों में संबंधित विभाग के चिकित्सक को फोन कर बुलाना पड़ता था. अब तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के लिए नेत्र रोग विभाग के चिकित्सकों को सीधे इमरजेंसी में तैनात किया गया है.
आंख और कान को ज्यादा नुकसान
उन्होंने कहा कि दीपावली पर होने वाली आतिशबाजी से सर्वाधिक आंखों में चोट के मामले आते हैं. इसके अलावा तेज आवाज वाले पटाखों से कानों को भी नुकसान की आशंका रहती है. इसे देखते हुए काननाकगला विभाग के चिकित्सकों को भी इमरजेंसी विभाग में तैनात किया गया है. त्योहार में किसी तरह मरीजों को किसी तरह का दिक्कत ना आए, इसके लिए डॉक्टरों को पहले ही छुट्टी दे दी गई थी.



