UP Former ARTO Lalit Kumar: आगरा के तत्कालीन सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी ललित कुमार करोड़ों के आसामी निकले।

उत्तरप्रदेश सतर्कता विजिलेंस ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में पूर्व एआरटीओ ललित कुमार के लखनऊ स्थित अलीशान घर पर छापेमारी की थी। जहां दो दिनों की जांच में 35 करोड़ रुपए की चलअचल संपत्तियों के सबूत मिले हैं। साथ ही, 1.62 करोड़ नकद और भारी मात्रा में सोनाचांदी के बिस्किट, आभूषण बरामद किए गए हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि ललित कुमार की कुल आय 93.26 लाख रुपए थी, जबकि चलअचल संपत्तियों की खरीद समेत अन्य कुल 1.61 करोड़ रुपए खर्च पाया गया है। जो अधिकारी की कुल आय से 68.66 लाख यानी 73.6 प्रतिशत अधिक है। जिस पर अधिकारी से कोई जवाब नहीं मिला।
अलीगंज स्थित अलीशान बंगले में 26 घंटे चली जांच
जांच एजेंसी के अनुसार, आरोपी अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत पहले से केस दर्ज है। कोर्ट से सर्च वारंट लेकर विजिलेंस ने 7 जुलाई मंगलवार को अधिकारी के लखनऊ के अलीगंज स्थित घर पर छापा मारा। जहां 8 जुलाई 2026 को भी शाम तक करीब 26 घंटे तक जांचपड़ताल चलती रही।
13 किलो सोना, 9 किलो चांदी, 1.62 करोड़ कैश
तलाशी के दौरान टीम को घर की दीवारों और अलगअलग कमरों में छिपाकर रखे पैकेट मिले हैं, जिसमें 1.62 करोड़ रुपए के नोटों की गड्डियां मिली हैं। विजिलेंस के अधिकारियों के अनुसार, करीब 13 किलो सोना और 9 किलो चांदी बरामद की गई है। साथ ही, सोनेचांदी के बिस्किट, हीरे, ईंटें और आभूषण भी बरामद किए। जिसकी बाजार में कुल कीमत 20 करोड़ रुपए आंकी गई है।
लखनऊ, नोएडा और बाराबंकी में करोड़ों की प्रॉपर्टी
जांच के दौरान कई आवासीय भवन, प्लॉट, कृषि भूमि और फ्लैट बुकिंग से जुड़े दस्तावेज मिले हैं। लखनऊ, नोएडा और बाराबंकी में स्थित इन अचल संपत्तियों का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 13 करोड़ रुपए बताया गया है।
लग्जरी कारें, महंगी वस्तुएं, साजसज्जा पर असीमित खर्च
छापेमारी के दौरान टीम को दो लग्जरी कारों, बैंक खातों, पोस्ट ऑफिस निवेश, म्यूचुअल फंड, फिक्स्ड डिपॉजिट समेत अन्य वित्तीय निवेश से जुड़े दस्तावेज भी मिले है। इसके अलावा घर की साजसज्जा और महंगे घरेलू सामान पर किए गए खर्च का भी रिकॉर्ड तैयार किया गया है।



