
हरियाणा में अवैध संबंधों के शक में हुए दोहरे हत्याकांड ने सनसनी फैला दी। एक युवक ने अपनी मां और उसके कथित प्रेमी की गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी दोनों शवों को पिकअप गाड़ी में लेकर खुद पुलिस थाने पहुंच गया और सरेंडर कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, युवक अपनी मां के कथित प्रेम संबंधों से नाराज था। उसने कई बार मां को समझाने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी। इसके बाद उसने अपने एक साथी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची और देर रात पहले मां के कथित प्रेमी की गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद अपनी मां को भी मौत के घाट उतार दिया।
मृतकों की पहचान करीब 50 वर्षीय अंगूरी देवी और लेखचंद के रूप में हुई है। वारदात के बाद आरोपी दोनों के शव पिकअप गाड़ी में डालकर सीधे पुलिस थाने पहुंचा और पूरी घटना की जानकारी देते हुए आत्मसमर्पण कर दिया।
डीएसपी राजेश कुमार के मुताबिक, आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने अपनी पत्नी के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



