दिग्गज टेक कंपनी Apple भारत में अपने यूजर्स के लिए नएनए फीचर ला रही है. इसी क्रम में एक बार फिर से आईफोन यूजर्स को नया फीचर मिल रहा है, जो उनके बहुत ही काम आने वाला है. Apple ने भारत में अपनी मैप सर्विस Apple Maps में नया फीचर शामिल कर दिया है. ऐप्पल मैप के नए अपडेट के बाद यूजर्स को पहले से ज्यादा अच्छा नेविगेशन, 3D लैंडमार्क और सड़कों की तस्वीरों के जरिए किसी जगह को देखने की सुविधा मिलेगी. कंपनी ने भारतीय यूजर्स को ध्यान में रखते हुए कई नए फीचर्स शामिल किए हैं. इनमें लोकल भाषाओं में जगहों के नाम, बेहतर वॉयस गाइडेंस और ऑगमेंटेड रियलिटी यानी AR के जरिए रास्ता देखने का ऑप्शन शामिल है.

Apple Maps के नए अपडेट में देशभर के 300 से ज्यादा लैंडमार्क को 3D में दिखाया जाएगा. इसके साथ ही सड़कों, इमारतों, पार्क और शॉपिंग सेंटर की जानकारी को भी पहले से बेहतर तरीके से पेश किया गया है. कंपनी का कहना है कि इस नए अपडेट से यूजर्स को अनजान जगहों पर रास्ता खोजने में परेशानी नहीं होगी.
Apple Maps में अब लोकल पहचान से मिलेगा रास्ता
Apple Maps के नए फीचर्स में Natural Language Guidance खास फीचर है. इस फीचर के जरिए यूजर्स को रास्ता बताने के लिए सिर्फ दूरी और दिशा पर निर्भर नहीं रहना होगा, बल्कि आसपास मौजूद जानी पहचानी जगहों का भी इस्तेमाल किया जाएगा. जैसे किसी रास्ते पर मुड़ने के लिए ऐप पेट्रोल पंप के आगे दाएं मुड़ने जैसी जानकारी Apple Maps दे सकता है.
साथ ही कंपनी ने Lane Guidance फीचर भी Apple Maps में ला दिया है. इस फीचर की सहायता से ड्राइवर को पहले ही पता चल सकेगा कि मोड़ लेने या फ्लाईओवर पर चढ़ने के लिए किस लेन में रहना सही होगा. यूजर्स एक रूट में 15 जगहों तक स्टॉप जोड़कर अपनी ट्रिप की प्लानिंग तैयार कर सकते हैं. Mac या iPad पर बनाए गए रूट अपने आप iPhone के साथ सिंक भी हो जाएंगे.
11 भारतीय भाषाओं में दिखेंगे जगहों के नाम
Apple ने Maps में ड्यूल लैंग्वेज लेबल फीचर की भी शुरुआत कर दी है. इस फीचर की सहायता से यूजर्स को जगहों के नाम अंग्रेजी के साथ लोकल लैंग्वेज में भी दिखाई देंगे. यह सुविधा डिवाइस की भाषा और यूजर के क्षेत्र के हिसाब से काम करेगी. इसमें हिंदी, बंगाली, गुजराती, कन्नड़, मलयालम, मराठी, तमिल, ओडिया, तेलुगु, पंजाबी और उर्दू शामिल हैं.
Look Around और AR Walking Directions की सुविधा
इस अपडेट के साथ Apple Maps में Look Around फीचर भी भारत में शुरू हो गया है. इसकी सहायता से यूजर्स किसी जगह की सड़क स्तर की तस्वीरें देखकर आसपास के इलाके को जान सकेंगे. वहीं AR Walking Directions फीचर में के कैमरे से आसपास की इमारतों को स्कैन करके दिशा और रास्ते की डिटेल्स मिल सकती है.
कंपनी ने अहमदाबाद, बेंगलुरु, चेन्नई, दिल्ली, हैदराबाद, कोलकाता, मुंबई और पुणे में पब्लिक ट्रांसपोर्ट नेविगेशन की फीचर शुरू की है. यूजर्स भारतीय रेलवे के जरिए यात्रा की प्लानिंग कर सकते हैं, नजदीकी स्टेशन खोज सकते हैं और अपनी मंजिल के पास पहुंचने पर नोटिफिकेशन पा सकते हैं.
इसके साथ ही सपोर्टेड इलेक्ट्रिक कारों के ड्राइवर चार्जिंग स्टॉप के साथ अपना सफर प्लान कर सकेंगे. यूजर्स Siri की सहायता से सड़क पर हुई दुर्घटनाओं और दूसरे खतरों की भी जानकारी दे सकते हैं. साथ ही अपनी अनुमानित पहुंचने की टाइमिंग दूसरों के साथ शेयर कर सकते हैं. Apple के अनुसार, ड्यूल लैंग्वेज लेबल और एडवांस Natural Language Guidance के लिए iOS 27.2, iPadOS 27.2, watchOS 27.2 और macOS 27.2 या इसके बाद के वर्जन की जरूरत होगी. Apple Maps में ये नए और कमाल के फीचर आने से Google Maps को कड़ी टक्कर मिलने वाली है. अभी भारत में Google Maps के यूजर्स काफी बड़ी संख्या में हैं, ऐसे में Apple Maps के नए फीचर Google Maps की टेंशन बढ़ा सकते हैं.



